Live VNS

स्टॉक मार्केट की गिरावट के बीच चमका कमोडिटी मार्केट, सोना 3,000 रुपये और चांदी 4,100 रुपये से ज्यादा उछली

स्टॉक मार्केट की गिरावट के बीच चमका कमोडिटी मार्केट, सोना 3,000 रुपये और चांदी 4,100 रुपये से ज्यादा उछली

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। घरेलू कमोडिटी बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के पहले सत्र के कारोबार में आज सोमवार को कीमती धातुओं में जोरदार तेजी का रुख बना रहा। भारतीय शेयर बाजार में आई भारी गिरावट और वैश्विक स्तर पर सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने के कारण निवेशकों ने सोने और चांदी में जम कर खरीदारी की। पिछले सप्ताह सर्राफा बाजार में आई बड़ी गिरावट के बाद आज निचले स्तरों पर आई शॉर्ट कवरिंग और शादी ब्याह के सीजन की हाजिर मांग से सोने और चांदी की कीमत को मजबूत सहारा मिला।

अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर स्पॉट सोना करीब ढाई प्रतिशत उछल कर 3,630 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक पहुंच गया, जिसका सीधा असर घरेलू वायदा बाजार पर भी नजर आया। एमसीएक्स पर चार दिसंबर की एक्सपायरी वाला सोना आज दिन भर के कारोबार के बाद 2,983 रुपये यानी 2.45 प्रतिशत की जोरदार छलांग लगा कर 1,24,761 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान सोना 1,24,774 रुपये के ऊपरी स्तर तक भी पहुंचा। जानकारों का कहना है कि पिछले कारोबारी सत्र की भारी मंदी के बाद आज सोना फिर से 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के मनोवैज्ञानिक स्तर के बेहद करीब आ गया है।

सोने की ही तरह चांदी की कीमतों में भी आज जबरदस्त रिकवरी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर चार दिसंबर की एक्सपायरी वाली चांदी आज 4,167 रुपये यानी 2.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,51,980 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद होने की ओर बढ़ती नजर आई। दिन के कारोबार में चांदी ने 1,52,918 रुपये प्रति किलोग्राम का ऊपरी स्तर भी छुआ। चांदी में आई इस बड़ी उछाल से पिछले सप्ताह के नुकसान की काफी हद तक भरपाई होती दिखी।

एनर्जी सेक्टर की बात करें, तो कच्चे तेल की कीमतों में आज ऊपरी स्तर से मुनाफावसूली का दबाव बना रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड वायदा मामूली नरमी के साथ 91.66 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 82.86 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता नजर आया। इसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा और एमसीएक्स पर 18 दिसंबर की एक्सपायरी वाला कच्चा तेल 55 रुपये यानी 0.71 प्रतिशत फिसल कर 7,640 रुपये प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। इसी तरह प्राकृतिक गैस में भी 3.82 प्रतिशत यानी 11.70 रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह 294.90 रुपये प्रति एमएमबीटीयू के स्तर पर आ गई।

औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल्स के बाजार में आज मिला-जुला कारोबार दर्ज किया गया। ग्लोबल इंडस्ट्रियल डिमांड की चिंताओं के चलते एमसीएक्स पर कॉपर वायदा दबाव में रहा और 1,152.75 रुपये प्रति किलोग्राम के निचले स्तरों के आसपास कारोबार करता दिखा। इसके विपरीत, एल्यूमिनियम वायदा में मजबूती का रुख बना रहा और यह 1.85 रुपये यानी 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 318.80 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गया।

मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार घरेलू इक्विटी बाजार में अस्थिरता और डॉलर इंडेक्स की कमजोरी के कारण शॉर्ट टर्म में सोने और चांदी को निचले स्तरों पर सपोर्ट मिलता रहेगा। जानकारों ने एमसीएक्स पर सोने के लिए 1,23,500 रुपये और कॉपर के लिए 1,136.13 रुपये के स्तर को सबसे महत्वपूर्ण सपोर्ट बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…