एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में बना दबाव, सोना-चांदी और क्रूड के साथ ही बेस मेटल में भी गिरावट

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। घरेलू कमोडिटी मार्केट (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज-एमसीएक्स) में आज गुरुवार, 12 नवंबर को सुबह के शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। अमेरिकी महंगाई के ऊंचे आंकड़ों और डॉलर इंडेक्स में आई मजबूती का सीधा असर कीमती धातुओं पर दिखाई दे रहा है। इसके कारण मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना और चांदी दोनों ही गिरावट के साथ लाल निशान में खुले हैं। एनर्जी मार्केट में भी कच्चे तेल की कीमतों में नरमी जारी है, जबकि इंडस्ट्रियल बेस मेटल (औद्योगिक धातुओं) में मिला-जुला कारोबार हो रहा है।
सर्राफा बाजार की बात करें तो आज सुबह अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत फिसल कर 3,971.75 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई। इसी तरह कॉमेक्स पर चांदी भी करीब एक प्रतिशत टूटकर 51.47 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रही है। घरेलू स्तर पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सोना वायदा 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,39,245 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर खुला। वहीं, चांदी वायदा में भी 0.94 प्रतिशत की कमजोरी आई और यह 1,82,794 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर आ गई।
एनर्जी मार्केट में कच्चे तेल की कीमत पर आज भी बिकवाली का दबाव हावी है। अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता में गतिरोध बने रहने के बावजूद सैन्य तनाव टलने के संकेतों से तेल सस्ता हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड आज 1.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.24 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गया। इसी तरह अमेरिकी क्रूड यानी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई क्रूड) भी नरमी के साथ 85.20 डॉलर प्रति बैरल के निचले स्तर तक लुढ़क गया।
औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल्स में आज अलग-अलग रुख देखने को मिल रहा है। घरेलू बाजार में एल्यूमिनियम की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है। इस गिरावट के कारण एल्यूमिनियम 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 334 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बना हुआ है। दूसरी ओर, कॉपर के भाव में हल्की सुस्ती का रुख बना हुआ है। फिलहाल ये धातु 0.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,334.50 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बना हुआ है।
कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिका में महंगाई दर उम्मीद से अधिक रहने के कारण फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों पर सख्त रुख अपनाने की आशंका बढ़ गई है। इससे अमेरिकी डॉलर को मजबूती मिली है, जो सोने और चांदी जैसी गैर-ब्याज वाली संपत्तियों पर दबाव बना रहा है। विश्लेषकों के अनुसार, शॉर्ट टर्म में कीमती धातुओं और कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव का यह सिलसिला जारी रह सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक