एमसीएक्स पर सोना 2,330 रुपये और चांदी 3,154 रुपये टूटी, कच्चे तेल में लौटी तेजी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। घरेलू कमोडिटी बाजार (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज- एमसीएक्स) में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन आज सुबह के शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव के बीच मिला-जुला माहौल बना हुआ है। सोना और चांदी भारी गिरावट के साथ लाल निशान में फिसल गए हैं, जबकि कच्चे तेल में तेजी का रुख बना हुआ है। वहीं बेस मेटल सेगमेंट में आज सुबह के सत्र में लगातार सुस्ती और कमजोरी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका, बॉन्ड यील्ड में मजबूती और डॉलर की तुलना में भारतीय मुद्रा रुपये के मजबूत स्तर पर पहुंचने के कारण आज सुबह कमोडिटी मार्केट में सोना और चांदी के भाव पर बिकवाली का दबाव हावी रह। दूसरी ओर, मध्य एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव और मिसाइल हमलों की खबरों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आ गया है। इसका असर घरेलू कमोडिटी मार्केट एमसीएक्स में भी नजर आ रहा है।
सोना और चांदी के कारोबार की बात करें, तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज सुबह इन दोनों चमकीली धातुओं की कीमत में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। दिसंबर डिलीवरी वाला सोना पिछले बंद भाव की तुलना में 2,330 रुपये यानी करीब 1.75 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 1,27,548 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता देखा गया। इसी तरह चांदी की कीमत में भी बिकवाली का दबाव बना हुआ है। इस दबाव की वजह से दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी 3,154 रुपये यानी 1.95 प्रतिशत लुढ़क कर 1,57,580 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर आ गई है।
एनर्जी मार्केट में रियाद के पास हुए ताजा मिसाइल हमलों और होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका से कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार तेजी आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड उछल कर 92.79 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया है। इसी तरह अमेरिकी बेंचमार्क वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी डब्ल्यूटीआई क्रूड भी बढ़त के साथ 83.25 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कामकाज कर रहा है। घरेलू स्तर पर एमसीएक्स पर दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट वाला क्रूड ऑयल 2.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,808 रुपये प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल सेगमेंट में आज सुबह से सुस्ती और कमजोरी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। वैश्विक विनिर्माण मांग को लेकर बनी चिंताओं के बीच मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर नवंबर कॉन्ट्रैक्ट वाला कॉपर वायदा 0.13 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 1,192 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह एल्यूमिनियम वायदा भी दबाव के साथ 318.95 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास सुस्त बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक