Live VNS

महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय में शुरू हुई ‘परिसर कर्मयोगी सम्मान’ पहल

महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय में शुरू हुई ‘परिसर कर्मयोगी सम्मान’ पहल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अजमेर,20 नवम्बर(हि.स.)। महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर ने परिसर को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं हरित बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कर्मचारियों के कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अभिनव पहल की है। विश्वविद्यालय की ‘मेरा विश्वविद्यालय, मेरी जिम्मेदारी’ योजना के अंतर्गत अब परिसर की स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वास्थ्यकर वातावरण एवं हरितिमा के संरक्षण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले कर्मचारियों को ‘परिसर कर्मयोगी सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उन कर्मयोगियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और श्रम को पहचान एवं सम्मान प्रदान करना है, जिनका योगदान अक्सर प्रत्यक्ष रूप से चर्चा में नहीं आ पाता, लेकिन विश्वविद्यालय की गरिमा और सकारात्मक वातावरण के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

इस सम्मान के अंतर्गत चयनित योग्य कर्मचारियों को प्रत्येक को 11,000 की नकद सम्मान राशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशस्ति पत्र में उनके असाधारण समर्पण, कार्यनिष्ठा एवं परिसर की स्वच्छता, स्वास्थ्यकर वातावरण, हरितिमा और प्राकृतिक सौंदर्य के संरक्षण में किए गए योगदान की सराहना की जाएगी।

इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं योग्य कर्मचारियों के चयन के लिए विश्वविद्यालय द्वारा एक सतर्कता समिति का गठन किया गया है। समिति के संयोजक अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चन्द्र होंगे। प्रो. सुब्रतो दत्ता एवं प्रो. ऋतु माथुर समिति की सदस्य होंगी। समिति परिसर में कार्यरत कर्मचारियों के प्रयासों, समर्पण एवं स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए की गई अभिनव पहलों का मूल्यांकन कर योग्य कर्मचारियों के नाम कुलगुरु को अनुशंसित करेगी। समिति को कार्यालय आदेश जारी होने की तिथि से दस दिवस के भीतर अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करनी होंगी।

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय द्वारा प्रारंभ की गई यह पहल इस विचार को साकार करती है कि विश्वविद्यालय की स्वच्छता, सुंदरता और पर्यावरणीय समृद्धि केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक सदस्य की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस योजना के माध्यम से विश्वविद्यालय के उन कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जो अपने दैनिक कार्यों को केवल दायित्व नहीं, बल्कि संस्थान के प्रति सेवा और समर्पण के भाव से निभाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…