नियमित टीकाकरण से छूटे हर बच्चे की होगी पहचान : मुख्य विकास अधिकारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कानपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के जनपद कानपुर में खसरा-रूबेला से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण से कोई भी पात्र बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए। कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाया जाए और एमआर-1 व एमआर-2 की खुराक से छूटे बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। संदिग्ध मामलों की तत्काल सूचना देने के साथ जांच और नमूना संग्रह की व्यवस्था भी प्रभावी बनाई जाए।
यह बातें गुरुवार को आयोजित कानपुर जनपद स्तरीय कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव जे. जैन ने कहीं। राष्ट्रीय स्तर पर खसरा-रूबेला उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जेएसआई (जॉन स्नो इंडिया) के तकनीकी सहयोग से एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को टीकाकरण की प्रगति बढ़ाने और रोग निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों की पहचान कर विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। टीके से रोकी जा सकने वाली बीमारियों के संदिग्ध मामलों की समयबद्ध जांच और रिपोर्टिंग सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार और आपूर्ति विभाग के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। साथ ही नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने खसरा-रूबेला उन्मूलन की रणनीति, नियमित टीकाकरण की गुणवत्ता, उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान और रोग निगरानी की प्रक्रिया पर जानकारी दी। चिकित्सा अधिकारियों को संदिग्ध मामलों की पहचान, रिपोर्टिंग, जांच और नमूना संग्रह के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी, डॉ. रमित रस्तोगी, डॉ. आरपी मिश्रा, डॉ. कैलाश चंद्र, डॉ. एसपी यादव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अश्वनी कुमार और मिलिंद गौतम सहित चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे। लखनऊ से आए डॉ. आशीष मौर्य, डॉ. चेतन यादव, डॉ. विभोर कौशिक, पुनीत श्रीवास्तव और गौरव पंत तथा दिल्ली से आए डॉ. अनुपम वर्मा ने तकनीकी जानकारी दी। जेएसआई की कार्यक्रम अधिकारी हुदा जेहरा सहित नगर निगम, शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार और आपूर्ति विभाग के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप