कुलदीप बिश्नोई ने की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात, विधायक रणधीर पनिहार रहे साथ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
आदमपुर-नलवा के विकास कार्यों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को फोन कर दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों की सेवाएं जारी रखने की मांग
मुख्यमंत्री ने मानी
हिसार, 23 नवंबर (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई
ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े जनहित के विभिन्न मुद्दों,
राजनीतिक परिस्थितियों तथा आदमपुर एवं नलवा विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं और लंबित
विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विधायक रणधीर पनिहार भी उनके साथ मौजूद
रहे।
कुलदीप बिश्नोई ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को रखते
हुए खालों से संबंधित कार्यों, बिजली व्यवस्था, खेतों के रास्तों, गांवों की फिरनियों,
वाटरवर्क्स तथा अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करवाने का आग्रह किया। उन्होंने
आदमपुर को उपमंडल का दर्जा देने, बालसमंद को तहसील बनाने, युवाओं के लिए रोजगार के
अवसर बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषय भी उठाए। उन्होंने क्षेत्र में पानी की गंभीर कमी
का मुद्दा उठाते हुए कम से कम दो सप्ताह तक पर्याप्त नहरी पानी उपलब्ध करवाने की मांग
की। इसके अलावा नहरों एवं खालों की सफाई करवाने, बीड़ बबरान में जमीन के रजिस्ट्री
रेट कम करने तथा रविदास नगर को मालिकाना हक देने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता
से रखी।
कुलदीप बिश्नोई ने गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,
हिसार में कार्यरत पार्ट टाइम टीचर्स एवं गेस्ट फैकल्टी सहित अन्य संबंधित कर्मचारियों
की सेवाएं जारी रखने का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से उठाया। उन्होंने
कहा कि इन कर्मचारियों को सेवा से हटाया नहीं जाना चाहिए और उनकी सेवाओं की निरंतरता
सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस पर मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को स्वीकार करते हुए कर्मचारियों
की सेवाएं जारी रखने के निर्देश दिए।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में प्रत्येक
विषय को बेहद गंभीरता और धैर्य के साथ सुना। कई मामलों में उन्होंने बैठक के दौरान
ही संबंधित अधिकारियों को फोन करके आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री
का सकारात्मक रवैया और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति उनकी तत्परता सराहनीय है। उन्होंने
कहा कि क्षेत्र की जनता की आवाज और उनकी अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता
है। आज की मुलाकात में आदमपुर, नलवा सहित प्रदेश के विभिन्न जनहित के विषयों पर सकारात्मक
चर्चा हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर