काशी रेलवे स्टेशन के पास पुल चौड़ीकरण के लिए मेगा ब्लॉक, पड़ाव-रामनगर मार्ग दो दिन प्रभावित रहेगा यातायात, यात्रियों को होगी परेशानी

वाराणसी। व्यासनगर और काशी रेलवे स्टेशन के बीच स्थित रेलवे पुल के चौड़ीकरण कार्य के चलते पड़ाव-रामनगर मार्ग पर दो दिनों तक यातायात प्रभावित रहेगा। उत्तर रेलवे की ओर से पुल पर गर्डर लॉन्चिंग का कार्य कराया जाना है। इसके लिए 30 नवंबर और एक दिसंबर को मेगा ब्लॉक लेने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान सड़क मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 नवंबर को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक यानी छह घंटे तक पड़ाव-रामनगर मार्ग पर यातायात बंद रहेगा। वहीं, एक दिसंबर को 24 घंटे के लिए इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रेलवे की ओर से इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। दरअसल, उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के तहत काशी रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में व्यासनगर और काशी रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे पुल का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के अगले चरण में पुल पर गर्डर लॉन्चिंग की जानी है, जिसके लिए रेलवे मेगा ब्लॉक लेगा।
पड़ाव-रामनगर मार्ग बिहार के साथ ही सोनभद्र और मिर्जापुर को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। ऐसे में दो दिनों तक यातायात प्रतिबंधित रहने से इन क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यात्रियों और वाहन चालकों को निर्धारित अवधि में इस मार्ग से आवागमन की योजना बनाने से बचने की सलाह दी गई है।