महात्मा गांधी हॉस्पिटल में तैयार होगा 40 बैड का सेंटर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जोधपुर, 19 नवम्बर (हि.स.)। जोधपुर में अब रीढ़ की हड्डियों से जुड़ी बीमारियों पर रिसर्च होगी। इसके अलावा आनुवांशिक और टेढ़ी-मेढ़ी रीड्ड की हड्डी का इलाज भी किया जाएगा।
दरअसल महात्मा गांधी हॉस्पिटल में स्पाइनल इंजरी सेंटर बनाया गया था। अभी यहां 10 बैड का सेंटर है लेकिन, अब इसे 40 बैड का करने की तैयारी की जा रही है। ये पश्चिमी राजस्थान का एकमात्र पहला स्पाइनल इंजरी सेंटर है। इस सेंटर में आनुवांशिक और टेढ़ी-मेढ़ी रीढ़ की हड्डी का भी इलाज यहां किया जाएगा। इसके अलावा एक्सीडेंट के दौरान होने वाली इंजरी का इलाज किया जा रहा है। महात्मा गांधी हॉस्पिटल के सुपरिडेंटेंड डॉ. फतेह सिंह भाटी ने बताया कि यहां इस बीमारी से जुड़े और केस की ओपीडी हर महीने 1 हजार की है। वहीं आईपीडी में हर महीने 30 केस आते है। उन्होंने बताया कि बजट घोषणा के तहत पहले फेज में 10 बेड का सेंटर 2 करोड़ की लागत से तैयार किया गया था। अब दूसरे फेज में करीब पौने दो करोड़ की लागत से इस सेंटर को 10 से 40 बैड का किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश