संघ के स्वयंसेवक केवल ‘भारत माता की जय’ के भाव से करते हैं कार्य : रामलाल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग-2 (विशेष) का शुभारंभ- देशभर से 500 शिक्षार्थी 25 दिनों के प्रशिक्षण वर्ग में ले रहे हिस्सा
नागपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल ने कहा कि संघ के स्वयंसेवक किसी व्यक्ति विशेष या संगठन के जयकारे के लिए नहीं, बल्कि केवल ‘भारत माता की जय’ के भाव से जीवनभर कार्य करते हैं। देश और समाज के प्रति समर्पित राष्ट्रभक्त नागरिकों का निर्माण करना ही संघ का मूल उद्देश्य है।
नागपुर के रेशमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति भवन परिसर के संत शिरोमणि रविदास सभाकक्ष में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग-2 (विशेष) का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर संघ के सह सरकार्यवाह मुकुंद और छत्तीसगढ़ के प्रांत संघचालक एवं वर्ग के सर्वाधिकारी डॉ. टोपलाल वर्मा उपस्थित थे।
अपने संबोधन में रामलाल ने कहा कि संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने दूरदर्शिता के साथ संगठन की स्थापना की थी। उनका उद्देश्य देश में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकता का ऐसा भाव विकसित करना था, जिससे भविष्य में देश के सामने फिर कभी गुलामी जैसी परिस्थिति उत्पन्न न हो। संघ की 100 वर्षों की यात्रा में अनेक संकट आए और तीन बार प्रतिबंध भी लगा, लेकिन स्वयंसेवकों की निष्ठा, कर्मठता और जीवटता के कारण संगठन का कार्य निरंतर आगे बढ़ता रहा। समय के साथ संघ की कार्यपद्धति में बदलाव हुए, लेकिन उसका मूल विचार आज भी बरकरार है।
प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए रामलाल ने कहा कि संघ से परिचित होने के साथ उसके वैचारिक आधार को गहराई से समझना और प्रत्येक विषय का गहन अध्ययन करना भी आवश्यक है। यह प्रशिक्षण एक प्रकार की साधना है। इसे सार्थक बनाने के लिए दृढ़ संकल्प जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगले 25 दिनों के प्रशिक्षण से कार्यकर्ता भारत माता की सेवा के लिए और अधिक सक्षम बनेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण वर्ग में देशभर से 500 शिक्षार्थी शामिल हुए हैं। रविवार को भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन और संगठन मंत्र के साथ वर्ग का औपचारिक शुभारंभ हुआ। यह वर्ग 16 दिसंबर तक चलेगा। इसका समापन दीक्षांत समारोह के साथ होगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी