मंत्री संजय शिरसाट ने परिसीमन विधेयक पर उद्धव ठाकरे से की समर्थन की अपील

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-संजय राउत ने केंद्र पर लगाया सांसदों की खरीद-फरोख्त का आरोप
-अरविंद सावंत ने अपनाया ‘वेट एंड वॉच’ का रुख
मुंबई, 28 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय शिरसाट ने परिसीमन विधेयक पर उद्धव ठाकरे से समर्थन देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि परिसीमन का मुद्दा केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों को इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
शिरसाट ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि परिसीमन को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक चर्चा तेज है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच भी इस विषय पर बातचीत जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि संसद में विधेयक पेश होने पर राजग के सभी सहयोगी दल इसका समर्थन करेंगे।
इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का ऐलान किया है। पार्टी ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी कर उन्हें लोकसभा में उपस्थित रहने और पार्टी के रुख के अनुरूप मतदान करने का निर्देश भी दिया है।
दूसरी ओर, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार पर सांसदों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार वर्ष 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर राजनीतिक रणनीति तैयार कर रही है। उन्होंने विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने के सरकार के प्रयासों पर भी सवाल उठाए।
वहीं, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद अरविंद सावंत ने इस मामले में फिलहाल तटस्थ रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अभी परिसीमन विधेयक के न तो समर्थन में है और न ही विरोध में। विधेयक संसद में पेश होने के बाद उसकी विषयवस्तु और प्रावधानों का अध्ययन कर पार्टी अपना अंतिम रुख तय करेगी। फिलहाल पार्टी ‘वेट एंड वॉच’ की स्थिति में है।
परिसीमन विधेयक को लेकर महाराष्ट्र में सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। विभिन्न दलों के रुख से इस मुद्दे पर राज्य की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी