मंत्री इट्टू ने जीएमसी श्रीनगर में प्रदर्शनकारी डॉक्टरों से मुलाकात की, मांगों पर विचार करने का दिया आश्वासन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
श्रीनगर, 23 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू ने सोमवार को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में प्रदर्शन कर रहे पोस्टग्रेजुएट और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा और उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार सोमवार को जीएमसी श्रीनगर में यह प्रदर्शन लगातार पांचवें दिन और जीएमसी जम्मू में छठे दिन भी जारी रहा। इस आंदोलन में अन्य चिकित्सा संस्थानों और जिला अस्पतालों के डॉक्टर भी शामिल हो गए हैं।
प्रदर्शनकारी डॉक्टर अपने स्टाइपेंड (भत्ते) में अच्छी-खासी बढ़ोतरी, अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के डॉक्टरों के बराबर स्टाइपेंड, और मैटरनिटी लीव (मातृत्व अवकाश) की सुविधा की मांग कर रहे हैं। बातचीत के दौरान डॉक्टरों ने मंत्री इट्टू को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने मुख्य रूप से देश के अन्य हिस्सों के रेजिडेंट डॉक्टरों की तुलना में अपने स्टाइपेंड में अंतर और उचित मैटरनिटी लीव के प्रावधानों की आवश्यकता के बारे में बताया। मंत्री ने फिर दोहराया कि उनकी चिंताओं पर गौर किया जाएगा और सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
इस बीच सोमवार को यह आंदोलन और तेज हो गया क्योंकि कई जिला अस्पतालों के डॉक्टरों ने भी इस आंदोलन के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की घोषणा की। रैनावाड़ी के जेएलएनएम अस्पताल के डॉ. रवि ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की और सरकार से रेजिडेंट डॉक्टरों की चिंताओं को दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया। एआईएमएसए जम्मू और कश्मीर के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने सरकार से अपील की कि वह बिना किसी देरी के हस्तक्षेप करे और पीजी तथा सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की जायज मांगों को पूरा करे। हालांकि मंत्री के हस्तक्षेप के बावजूद यह आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। अब यह आंदोलन मेडिकल कॉलेजों से आगे बढ़कर पूरे जम्मू-कश्मीर के कई जिला अस्पतालों तक फैल गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता