Live VNS

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े 30 नवंबर को मातृ पोषण जनसंचार अभियान का करेंगी शुभारंभ

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े 30 नवंबर को मातृ पोषण जनसंचार अभियान का करेंगी शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रायपुर 29 नवंबर (हि.स.)। गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 30 नवंबर को राज्यस्तरीय जनसंचार अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े इस अवसर पर मातृ एवं शिशु पोषण के लिए तैयार सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन संचार रणनीति का विमोचन करेंगी। अभियान में विभाग को तकनीकी सहयोग दे रही आईपीई ग्लाेबल की भी सहभागिता रहेगी।

अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्हें महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित शासकीय योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग पौष्टिक आहार की खरीद में करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान मां और शिशु के बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना है।

राज्य स्तरीय एसबीसीसी रणनीति के जरिए समुदायों तक सरल और उपयोगी संदेश पहुंचाए जाएंगे। अभियान परिवारों में मातृ पोषण को प्राथमिकता देने और गर्भवती महिलाओं को विविधतापूर्ण, संतुलित आहार उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता बढ़ाएगा।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रत्येक जिले की एक पर्यवेक्षक और एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के नामांकन की व्यवस्था की गई है। राज्य स्तर पर चयनित पर्यवेक्षक और कार्यकर्ता को सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…