Live VNS

भारतीय भाषाओं में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देगा भाषणी और एनआईईएलआईटी का सहयोग

भारतीय भाषाओं में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देगा भाषणी और एनआईईएलआईटी का सहयोग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली,19 नवंबर (हि.स.)। देश में डिजिटल शिक्षा और तकनीकी ज्ञान को भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत डिजिटल इंडिया भाषणी डिवीजन और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एनआईईएलआईटी) के बीच बहुभाषी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया है।

यह सहयोग ' भाषणी फॉर सेवा के तहत किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य देश के अलग-अलग भाषाई क्षेत्रों के विद्यार्थियों और शिक्षार्थियों तक उनकी पसंदीदा भारतीय भाषाओं में डिजिटल ज्ञान, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े अवसर पहुंचाना है।

इस समझौते का आदान-प्रदान भाषणी की इकोसिस्टम एंगेजमेंट प्रमुख स्वाति बिष्ट चौधरी और एनआईईएलआईटी के रजिस्ट्रार डॉ. एस. के. धुरंधर ने दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया।

इस साझेदारी के तहत भाषणी की एआई आधारित भाषा तकनीकों के शैक्षणिक, प्रशिक्षण और संस्थागत प्लेटफॉर्म से जोड़ने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इसके माध्यम से तकनीकी पाठ्यक्रमों, अध्ययन सामग्री, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म और प्रशिक्षण संसाधनों को कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराने पर काम होगा।

समझौते में एआई आधारित अनुवाद, स्पीच टेक्नोलॉजी और अन्य भाषा संबंधी तकनीकी समाधानों के विकास और उपयोग को बढ़ावा देने का प्रावधान है। इसके अलावा विभिन्न तकनीकी विषयों के लिए विशेष भाषा संसाधन तैयार करने, रिसर्च, नवाचार और भाषाई डेटा के योगदान को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अंग्रेजी या किसी अन्य भाषा की जानकारी तकनीकी शिक्षा हासिल करने में बाधा न बने। देश के अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि के विद्यार्थी अपनी मातृभाषा या पसंदीदा भारतीय भाषा में तकनीकी विषयों को समझ सकें और नए तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ सकें।

भाषणी और एनआईईएलआईटी की साझेदारी के जरिए विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और शोधकर्ताओं के लिए बहुभाषी डिजिटल लर्निंग का वातावरण तैयार करने पर भी काम होगा। इससे डिजिटल साक्षरता, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

दोनों संस्थान बहुभाषी एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित करेंगे। इसके साथ ही संस्थागत सेवाओं और नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली डिजिटल सुविधाओं में भी भारतीय भाषाओं के उपयोग की संभावनाएं विकसित की जाएंगी।

डिजिटल इंडिया भाषणी डिवीजन, डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की राष्ट्रीय पहल है। इसका उद्देश्य एआई आधारित भाषा तकनीकों के माध्यम से डिजिटल सेवाओं को देश की विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध कराना है।

मंत्रालय के अनुसार, भाषणी के नेशनल हब फॉर लैंग्वेज टेक्नोलॉजी (एनएचएलटी) के माध्यम से 800 से अधिक सरकारी वेबसाइटों को समर्थन दिया जा रहा है। यह प्लेटफॉर्म अब तक 11 अरब से अधिक एआई इनफेरेंस को सक्षम कर चुका है और प्रतिदिन 2.4 करोड़ से अधिक एआई इनफेरेंस प्रोसेस करता है।

भाषणी वर्तमान में 36 भारतीय टेक्स्ट भाषाओं, 23 भारतीय वॉयस भाषाओं और 35 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं को समर्थन देता है। इसके अलावा यह रिसर्च, ओपन इनोवेशन, डेटासेट, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से स्वदेशी भाषा तकनीक के विकास को भी आगे बढ़ा रहा है।

भाषणी की इकोसिस्टम एंगेजमेंट प्रमुख स्वाति बिष्ट चौधरी ने कहा कि भाषणी और एनआईईएलआईटी का यह सहयोग भारत की भाषा आधारित एआई क्षमताओं को तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास के संस्थागत ढांचे से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बहुभाषी एआई के माध्यम से उभरती तकनीकों और डिजिटल ज्ञान को अधिक सुलभ और समावेशी बनाया जा सकेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य ऐसा डिजिटल रूप से सशक्त और भविष्य के लिए तैयार भारत बनाना है, जहां भाषा अवसरों में बाधा नहीं, बल्कि उन्हें हासिल करने का माध्यम बने।

कुल मिलाकर, भाषणी और एनआईईएलआईटी के बीच हुआ यह समझौता डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में भाषाई बाधाओं को कम करने और तकनीकी ज्ञान को आम लोगों तक उनकी अपनी भाषाओं में पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यह साझेदारी केंद्र सरकार के समावेशी डिजिटल विकास के लक्ष्य और विकसित भारत 2047 के विजन को आगे बढ़ाने में योगदान दे सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…