बेमेतरा जिले में पहली बार मार्कफेड के माध्यम से चयनित केंद्रों पर होगी लघु धान्य फसलों की खरीद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बेमेतरा/रायपुर, 20 नवंबर (हि. स.)। बेमेतरा जिले के किसानों के लिए खरीफ वर्ष 2026 में खेती से आय बढ़ाने और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
अब धान के साथ-साथ कोदो, कुटकी एवं रागी जैसी लघु धान्य फसलों की भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की जाएगी। बेमेतरा जिले में पहली बार इन फसलों का उपार्जन मार्कफेड के माध्यम से चयनित खरीद केंद्रों पर किया जाएगा। इस पहल से लघु धान्य फसलों की खेती करने वाले किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध होगी तथा उन्हें निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ मिल सकेगा।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरीफ वर्ष 2026 में कोदो, कुटकी एवं रागी की खरीद के लिए समर्थन मूल्य निर्धारित कर दिया गया है। इसके अंतर्गत कोदो का समर्थन मूल्य 3200 रुपये प्रति क्विंटल, कुटकी का 3350 रुपये प्रति क्विंटल तथा रागी का 5205 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों को उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। साथ ही जिले में परंपरागत धान की खेती के अतिरिक्त अन्य फसलों के उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
कृषि विभाग ने बताया कि, कोदो, कुटकी एवं रागी की समर्थन मूल्य पर खरीद का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 30 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते अपना पंजीयन सुनिश्चित कर लें, ताकि खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे पंजीयन संबंधी आवश्यक जानकारी और प्रक्रिया के लिए अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा नजदीकी कृषि कार्यालय से संपर्क करें। समय पर पंजीयन कराने वाले पात्र किसान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चयनित उपार्जन केंद्रों में अपनी उपज का विक्रय कर सकेंगे।
कृषि विभाग ने किसानों को धान के साथ-साथ कोदो, कुटकी एवं रागी जैसी लघु धान्य फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया है। इन फसलों की खेती से किसानों को अपनी कृषि गतिविधियों में विविधता लाने और आय के अतिरिक्त अवसर विकसित करने में सहायता मिल सकती है। विशेष रूप से कम पानी की उपलब्धता वाले क्षेत्रों में उपयुक्त भूमि एवं मौसम की परिस्थितियों के अनुसार लघु धान्य फसलों की खेती एक उपयोगी विकल्प साबित हो सकती है।
कोदो, कुटकी और रागी की खेती अपेक्षाकृत कम पानी में भी की जा सकती है। इन फसलों की कुछ किस्में प्रतिकूल मौसम और सीमित संसाधनों वाली परिस्थितियों के प्रति अधिक सहनशील होती हैं। ऐसे में इनकी खेती को बढ़ावा देना जल संरक्षण, टिकाऊ कृषि और फसल विविधीकरण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर