Live VNS

मीरपुर शहीदी दिवस पर वीर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, बलिदान की 79वीं वर्षगांठ पर यादों को जीवित रखने का संकल्प

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जम्मू, 25 नवंबर (हि.स.)।

मीरपुर शहीदी दिवस के अवसर पर मीरपुर समुदाय के लोगों ने जम्मू के बख्शी नगर स्थित महेशपुरा चौक में मीरपुर शहीदी स्मारक पर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मीरपुर शहीदी स्मारक वेलफेयर कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों से प्रभात फेरियां निकाली गईं। इस दौरान 25 नवंबर 1947 को पाकिस्तानी हमलावरों द्वारा किए गए नरसंहार में जान गंवाने वाले लोगों को याद किया गया।

जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता ने ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने 79 वर्षों के बाद भी शहीदों की यादों को जीवित रखने के लिए मीरपुर समुदाय के प्रयासों की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

इस दौरान भावुक कविताओं के माध्यम से शहीदों के बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और शांति पाठ के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…