टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रहे बच्चों के लिए संजीवनी बना मिशन मधुहारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। टाइप-1 डायबिटीज ऐसी बीमारी है, जिसमें मरीज को जीवनभर इंसुलिन पर निर्भर रहना पड़ता है। खासकर बच्चों और उनके परिवारों के लिए नियमित उपचार, ब्लड शुगर की निगरानी और महंगे चिकित्सा संसाधनों की व्यवस्था बड़ी चुनौती होती है। ऐसे मरीजों के लिए राजस्थान सरकार का मिशन मधुहारी उम्मीद की नई किरण बन रहा है। इस पहल के तहत प्रदेश के सभी 41 जिलों में अब तक 3,761 मरीजों का पंजीकरण किया जा चुका है। मरीजों को न केवल निःशुल्क इंसुलिन और ग्लूकोमीटर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, बल्कि आंखों, किडनी और पैरों की नियमित जांच के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
विश्व मधुमेह दिवस (14 नवंबर) के अवसर पर प्रदेश में संचालित इस मिशन की उपलब्धियां सामने आई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों एवं अन्य मरीजों को निरंतर उपचार और बेहतर जीवन जीने के लिए जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग गायत्री राठौड़ के अनुसार मिशन मधुहारी के तहत प्रदेश में 205 स्वास्थ्य संस्थान सूचीबद्ध हैं। इनमें 138 संस्थानों में मरीजों का नामांकन किया जा रहा है।
इन संस्थानों में 65 जिला अस्पताल, 61 उप जिला अस्पताल, 7 सैटेलाइट अस्पताल और 5 मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। अब तक 2,153 मरीज कम से कम एक बार फॉलोअप ले चुके हैं।
मिशन के तहत मरीजों को इंसुलिन, ग्लूकोमीटर, टेस्ट स्ट्रिप्स, ब्लड शुगर मॉनिटरिंग लॉगबुक, इंसुलिन पेन और मासिक फॉलोअप की सुविधा निःशुल्क दी जा रही है। इसका असर उपचार व्यवस्था में भी दिखाई दिया है। मिशन से जुड़ने के बाद 92 प्रतिशत मरीजों को बेसल-बोलस इंसुलिन उपचार मिल रहा है, जबकि पहले यह अनुपात महज 28 प्रतिशत था।
मिशन में तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। मधुनेत्र एआई के माध्यम से अब तक 2,219 मरीजों की डायबिटिक रेटिनोपैथी यानी मधुमेह से आंखों के पर्दे को होने वाले नुकसान की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
यह सुविधा प्रदेश के 10 स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित है। इसके अलावा राज किडनी केयर के तहत किडनी संबंधी जांच तथा डायबिटिक फुट और न्यूरोपैथी की स्क्रीनिंग भी की जा रही है, ताकि बीमारी से जुड़ी जटिलताओं की समय रहते पहचान हो सके।
मिशन मधुहारी केवल दवाइयों और जांच तक सीमित नहीं है। मधुरंग कार्यक्रम के माध्यम से करीब 1,000 लोगों को आपसी सहयोग और अनुभव साझा करने के नेटवर्क से जोड़ा गया है। वहीं मधुमन कार्यक्रम के तहत मरीजों के वेलबीइंग इंडेक्स का औसत स्कोर 78.9 दर्ज किया गया है। मधुवाणी 104 हेल्पलाइन के माध्यम से भी मरीजों को सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सेहत की पाठशाला कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। इसके तहत कमर की माप और बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) के आधार पर स्कूली बच्चों में मोटापे की पहचान के लिए स्क्रीनिंग शुरू की गई है। प्रमुख निजी विद्यालयों में भी यह गतिविधि संचालित हो रही है। मिशन के तहत 205 सरकारी स्कूलों और 41 कॉलेजों को जोड़ा गया है, ताकि विद्यार्थियों में टाइप-1 डायबिटीज के प्रति जागरूकता और समझ विकसित की जा सके।
विश्व मधुमेह दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने नियमित जांच, समय पर बीमारी की पहचान और निरंतर उपचार के महत्व पर जोर दिया है।
मिशन मधुहारी के जरिए प्रयास किया जा रहा है कि टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित किसी भी मरीज को आर्थिक या संसाधनों की कमी के कारण उपचार से वंचित नहीं रहना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित