Live VNS

मंदसौरः शिवना शुद्धिकरण अभियान जारी, विधायक जैन ने प्रशासन की लापरवाही पर जताई नाराजगी

मंदसौरः शिवना शुद्धिकरण अभियान जारी, विधायक जैन ने प्रशासन की लापरवाही पर जताई नाराजगी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मंदसौर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में शिवना नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए चल रहा शुद्धिकरण अभियान शुक्रवार को 151वें दिन भी जारी रहा। विधायक विपिन जैन के नेतृत्व में श्रमदानियों ने भगवान पशुपतिनाथ मंदिर की छोटी पुलिया और दोनों घाटों के आसपास सफाई कर एक ट्रॉली कचरा निकाला।

नदी किनारे फैली प्लास्टिक थैलियां, गाद, कचरा और पानी में फैल रही काई को हटाया गया। घाटों पर फेंके गए कपड़े और अन्य सामग्री भी साफ की गई। धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए नदी किनारे मिली तस्वीरों और मूर्तियों को व्यवस्थित स्थान पर रखवाया गया।

इस दौरान विधायक विपिन जैन ने नदी की बदहाल स्थिति और प्रशासन की उदासीनता पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 151 दिन से लगातार श्रमदान किया जा रहा है, लेकिन विडंबना है कि लोग फिर नदी में कचरा डाल रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। गंदे नाले आज भी सीधे शिवना में मिल रहे हैं। प्रशासन के पास इन्हें रोकने का कोई ठोस प्लान नहीं है। पहले बनाई गई योजनाएं भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं।

जैन ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अब केवल श्रमदान से काम नहीं चलेगा। शिवना की दुर्दशा के खिलाफ वे आमजन को साथ लेकर धरने पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि शिवना केवल नदी नहीं, बल्कि लाखों लोगों की आस्था से जुड़ी जीवनरेखा है। नदी का दूषित पानी जमीन में पहुंचकर कुओं और ट्यूबवेल तक पहुंच रहा है, जिसका दुष्प्रभाव कहीं न कहीं आमजन को भुगतना पड़ रहा है। नदी को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल श्रमदानियों की नहीं, बल्कि प्रशासन और प्रत्येक नागरिक की भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…