विधायक राजीव जसरोटिया के पिता ठाकुर रणजीत सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कठुआ, 13 नवंबर (हि.स.)। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव जसरोटिया के पिता ठाकुर रणजीत सिंह का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से परिवार, राजनीतिक जगत और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
ठाकुर रणजीत सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से लंबे समय से जुड़े रहे और एक लोकप्रिय एवं मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में उनकी पहचान थी। वह प्रजा परिषद के समर्पित साथी होने के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं कर्मठ नेता भी रहे। उन्होंने छह दशकों से अधिक समय तक संगठन और पार्टी की सेवा की। इस दौरान उन्होंने मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, प्रदेश सचिव और प्रदेश उपाध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया।
राष्ट्रवाद, संगठन के प्रति निष्ठा और जनसेवा उनके सार्वजनिक जीवन की प्रमुख पहचान रही। उनके निधन को परिवार के साथ-साथ सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लिए भी अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन को परिवार के साथ-साथ सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लिए भी अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी, समर्पित और जनप्रिय व्यक्तित्व को खो दिया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। परिजनों के अनुसार ठाकुर रणजीत सिंह का अंतिम संस्कार 14 नवंबर (शनिवार) को दोपहर 1 बजे ड्रीमलैंड पार्क स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया