Live VNS

बच्छाव पहुंचे विधायक, पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा, दीवार गिरने से दो बहनों की हुई थी मौत

बच्छाव पहुंचे विधायक, पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा, दीवार गिरने से दो बहनों की हुई थी मौत

BK Pathak ·

वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र के बच्छाव गांव में हुए दर्दनाक हादसे में दो मासूम सगी बहनों की मौत से पीड़ित परिवार को सांत्वना देने गुरुवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और इस दुखद घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया। विधायक ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

मंगलवार देर रात तालाब किनारे स्थित मकान की दीवार ढहने से छह वर्षीय आफिया और चार वर्षीय फलक तालाब में डूब गई थीं। हादसे में दोनों मासूम सगी बहनों की जान चली गई थी। घटना के बाद से ही गांव में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

विधायक डॉ. सुनील पटेल ने परिजनों के साथ संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दो मासूम बच्चियों की असमय मौत बेहद हृदय विदारक घटना है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही आवास सहित अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ जल्द दिलाने की मांग की। उन्होंने तालाब किनारे रहने वाले अन्य परिवारों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया और प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

इस दौरान विधायक ने हादसे में घायल परिवार के सदस्यों का भी हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मौके पर प्रदेश महासचिव डॉ. उमेश पटेल, सचाऊ पटेल, राजकुमार वर्मा, मानस सिंह, श्याम बली पटेल, धर्मेंद्र राजपूत, चौकी प्रभारी, विनोद पटेल, अखिलेश पटेल, निलय पटेल, राकेश पटेल, बृजेश पटेल और शुभम मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…