मोदी का वीडियो चर्चा मेंः क्वाड फोटो सेशन के दौरान फर्श पर पड़ा तिरंगे का निशान उठाकर जेब में रखा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड नेताओं के फोटो सेशन के दौरान फर्श पर पड़े भारतीय तिरंगे के निशान वाले कार्ड को उठाकर अपनी जेब में रख लिया। उनका यह अंदाज वीडियो में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
वीडियो में मोदी को झुककर कालीन पर रखा एक छोटा सफेद आयताकार कार्ड उठाते और उसे अपनी जेब में रखते देखा जा सकता है। इस कार्ड पर भारतीय तिरंगा बना हुआ था। माना जा रहा है कि यह समूह तस्वीर के दौरान नेताओं के खड़े होने की जगह बताने के लिए फर्श पर लगाए गए संकेतकों में से एक था। मोदी ने इसे फर्श पर छोड़ने के बजाय उठाकर अपने पास रख लिया।
क्वाड नेताओं की संयुक्त तस्वीर में मोदी के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची साने मौजूद थे। वर्ष 2024 के बाद क्वाड नेताओं की यह पहली बैठक थी, जो आसियान शिखर सम्मेलन से इतर आयोजित हुई।
इस दौरान एक अन्य वीडियो में मोदी को ट्रंप की ओर इशारा करते हुए बातचीत आगे बढ़ाने का संकेत देते देखा गया। उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति संवाददाताओं के सवालों का जवाब दे रहे थे। ट्रंप के मीडिया से बातचीत जारी रखने के बीच मोदी को “शैल वी मूव?” कहते सुना गया। वहीं, ट्रंप ने अपने संबोधन में मोदी को “टफ मैन” कहा, जिस पर प्रधानमंत्री की कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया दिखाई नहीं दी।
मोदी ने क्वाड शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए समूह को एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी बताया। उन्होंने कहा कि क्वाड हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला, नई प्रौद्योगिकियों और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में भरोसेमंद समाधान उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जनवरी 2025 से अब तक क्वाड देशों के विदेश मंत्री पांच बार बैठक कर चुके हैं। यह इस साझेदारी के प्रति चारों देशों की राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि मनीला में हुई बैठक से सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय करने में मदद मिलेगी।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी बैठक को उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा, भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाओं, उभरती प्रौद्योगिकियों और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में क्वाड हिंद-प्रशांत के लिए भरोसेमंद समाधान देने को प्रतिबद्ध है। इस बैठक से स्वतंत्र, खुले, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र की साझा परिकल्पना को नई गति मिली है तथा सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार