केएमपी पर 18 लाख की लूट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नूंह, 23 नवंबर (हि.स.)। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर हथियार के बल पर 18 लाख रुपये की लूट के मामले में नूंह पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मोहम्मदपुर अहीर थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश निवासी मारुति कुंज, मोहन नगर, गुरुग्राम और हुकम सिंह उर्फ टिंकू निवासी नरहेड़ा, पटौदी, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि लूट की रकम बरामद करने के साथ वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके।
नूंह पुलिस के अनुसार, लूट की शिकायत तमिलनाडु के इरोड जिले के भवानी निवासी सूर्या ने दी थी। वह गाउंडर ब्रिक्स कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। शिकायत के मुताबिक, कंपनी ने गुरुग्राम के बिलासपुर स्थित श्याम सेल परचेज से चार दस पहिया ट्रकों का सौदा किया था। इन वाहनों की डिलीवरी लेने के लिए सूर्या को गुरुग्राम भेजा गया था। कंपनी की ओर से 13 लाख रुपये हुकम सिंह और पांच लाख रुपये मुकेश के बैंक खातों में भेजे गए थे।
घटना 19 नवंबर की शाम करीब छह बजे की है। सूर्या, हुकम सिंह और मुकेश बिलासपुर से तावडू के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान केएमपी एक्सप्रेसवे पर कलवाड़ी गांव के नजदीक उनकी कार को रोक लिया गया। आरोप है कि बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने कार के आगे बाइक लगाकर हुकम सिंह और मुकेश से मोबाइल फोन व कार की चाबी छीन ली। वहीं, एक अन्य बदमाश ने सूर्या को हथियार दिखाकर धमकाया और चालक की सीट के पीछे रखे बैग से 18 लाख रुपये की नकदी तथा उसका मोबाइल फोन लूट लिया। शिकायतकर्ता ने इस वारदात में हुकम सिंह और मुकेश की भूमिका पर भी संदेह जताया था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब इस मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान लूटी गई नकदी की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही वारदात से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया