मोहन भागवत 20 से 22 नवंबर तक उत्तराखंड प्रवास पर, रुड़की में करेंगे कार्यकर्ताओं से संवाद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल
देहरादून, 19 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 20 से 22 नवंबर तक उत्तराखंड के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह रुड़की में संघ के क्षेत्र एवं प्रांत के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और संवाद करेंगे। साथ ही हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में भी शामिल होंगे।
संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रवास के दौरान 20 से 22 नवंबर तक रुड़की में विभिन्न बैठकें आयोजित होंगी। इनमें संघ के शताब्दी वर्ष के तहत पूरे वर्ष संचालित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा समसामयिक राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
उन्होंने बताया कि प्रवास के दौरान संघ की ओर से समाज जीवन में सकारात्मक बदलाव के उद्देश्य से संचालित पंच परिवर्तन के विषयों पर भी चर्चा होगी। इनमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध (स्वदेशी) और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं। इसके साथ ही नशामुक्ति जैसे सामाजिक बुराइयों के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों को व्यापक बनाने पर भी विचार किया जाएगा।
दिनेश सेमवाल के अनुसार, बैठकों में इस बात पर भी संवाद होगा कि संघ के कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के साथ मिलकर इन अभियानों को किस तरह प्रभावी बनाएं और उनमें व्यापक सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करें।
मोहन भागवत के प्रवास का एक प्रमुख कार्यक्रम हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज का शताब्दी समारोह होगा। वह इस आयोजन में शामिल होंगे। गायत्री परिवार ने आध्यात्मिकता, संस्कार, शिक्षा, सामाजिक जागरण, नशामुक्ति और समाज सुधार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय