काशी में बोरे में बंद मिला बंदर, सूचना के काफी देर बाद तक नहीं पहुंची रेस्क्यू टीम

वाराणसी। काशी में बेजुबान जानवर के साथ कथित क्रूरता का मामला सामने आया है। लंका थाना क्षेत्र के रमना चौकी के समीप एक बंदर बोरे में बंद मिला। स्थानीय लोगों ने जब बोरे के अंदर बंदर को देखा तो तत्काल उसे बाहर निकालने और सुरक्षित बचाने की कोशिश शुरू की। घटना की जानकारी वन विभाग और रेस्क्यू टीम को दी गई, लेकिन आरोप है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद काफी देर तक रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची।
बोरे में बंद मिला बंदर अल्फा मेल बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान अमित पटेल को दी। इसके बाद ग्राम प्रधान ने वन विभाग और रेस्क्यू टीम को कई बार फोन कर घटना से अवगत कराया और बंदर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल टीम भेजने की मांग की। सूचना पर रमना चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बंदर का रेस्क्यू नहीं हो सका था।
बेजुबान जीव को बोरे में बंद करके फेंके जाने की घटना ने पशु क्रूरता और जीवों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदर को किसने और किन परिस्थितियों में बोरे में बंद किया, इसकी जानकारी सामने आनी चाहिए।