Live VNS

शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए : जिलाधिकारी

शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए : जिलाधिकारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मुरादाबाद, 25 नवंबर (हि.स.)।

जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्टार संदर्भों के निस्तारण की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि प्रकरण की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करते हुए शिकायतकर्ता को प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में जनता दर्शन के दौरान प्राप्त गंभीर प्रकृति के प्रकरणों को जिलाधिकारी ने स्टार संदर्भ के रूप में चिन्हित किए जाने तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के लिए दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बीते माह के 13 तथा वर्तमान माह के 09 स्टार संदर्भों सहित कुल 23 संदर्भों के निस्तारण की स्थिति, कार्रवाई की गुणवत्ता एवं शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई।

जिलाधिकारी ने निस्तारित किए गए स्टार संदर्भों की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति जानने के लिए संबंधित शिकायतकर्ताओं एवं पीड़ित व्यक्तियों से फोन के माध्यम से स्वयं बातचीत भी की तथा निस्तारण के संबंध में उनका फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, समयबद्धता तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि तीनों पहलुओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। अतः सभी अधिकारी मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा औपचारिक निस्तारण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई स्पष्ट, तथ्यपरक और शिकायतकर्ता के लिए संतोषजनक होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित स्टार संदर्भों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए संबंधित शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए तथा निस्तारण की गुणवत्ता की नियमित रूप से समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में एसडीएम सदर, एसडीएम कांठ, तहसीलदार बिलारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…