ट्रक की टक्कर से मां और मासूम बेटी की मौत, चालक फरार
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मथुरा, 19 नवम्बर (हि.स.)। छाता कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सेमरी फ्लाईओवर पर गुरुवार शाम को एक ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में महिला और उसकी ढाई साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि व्यक्ति बाल-बाल बच गया।
पवन कुमार अपनी पत्नी मीनाक्षी (35) और ढाई वर्षीय बेटी वंशिका के साथ बाइक से गुड़गांव से भरतपुर (राजस्थान) जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक छाता कोतवाली क्षेत्र के सेमरी फ्लाईओवर पर पहुंची, पीछे से आ रहे किसी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मीनाक्षी और मासूम वंशिका सड़क पर गिर गईं। गंभीर चोट लगने से दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार