जनजातीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम बनेगा आदि बाजार : दुर्गादास उईके

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री उईके ने इंदौर में किया सात दिवसीय राज्य स्तरीय ‘आदि बाजार’ का शुभारंभ
इंदौर, 23 नवंबर (हि.स.)। केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि देश की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति, परंपराओं और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने तथा जनजातीय शिल्पकारों को उनके उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आदि बाजार के आयोजन प्रारंभ किए गए हैं। मां अहिल्या की पावन नगरी इंदौर में इस वर्ष का यह पहला आदि बाजार आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। आदि बाजार इस दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
केन्द्रीय मंत्री उईके सोमवार को इंदौर में जनजातीय समाज की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपराओं और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने तथा जनजातीय शिल्पकारों एवं उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय सात दिवसीय ‘आदि बाजार’ के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इंदौर के ग्रामीण हाट में आयोजित इस बाजार का शुभारंभ किया। भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ मर्यादित (ट्राइफेड) द्वारा 23 से 29 नवम्बर 2026 तक आयोजित इस बाजार में देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय शिल्पकार अपने पारंपरिक हस्तनिर्मित उत्पादों, कलाकृतियों और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर रहे हैं।
केन्द्रीय राज्यमंत्री उईके ने कहा कि जनजातीय अंचलों में हस्तशिल्प, पारंपरिक ज्ञान, कला और प्राकृतिक संसाधनों का अनमोल भंडार है। यहां के शिल्पकारों में अद्भुत हुनर है, लेकिन पहले उन्हें अपने उत्पादों के विक्रय के लिए उचित बाजार और अवसर उपलब्ध नहीं हो पाते थे। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, वन उपज, अनाज एवं सब्जियों का पर्याप्त उत्पादन होने के बावजूद विपणन की सुविधाओं का अभाव रहता था। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की परिकल्पना के अनुरूप गांव-गांव तक सड़कों का विस्तार हुआ और आधारभूत सुविधाओं में वृद्धि हुई। इससे ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के विकास को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के लिए 24 हजार करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। ट्राइफेड के माध्यम से जनजातीय शिल्पकारों और उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। इससे जनजातीय समुदाय आर्थिक रूप से सशक्त होगा और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उईके ने कहा कि 6 अगस्त 1987 को ट्राइफेड की स्थापना जनजातीय कला, संस्कृति एवं हस्तशिल्प को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। इसके माध्यम से जनजातीय शिल्पकारों को आर्थिक सशक्तिकरण के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ज्वार, बाजरा, कोदो और कुटकी जैसे पारंपरिक जनजातीय कृषि उत्पादों को श्रीअन्न के रूप में विशेष पहचान और सम्मान प्रदान किया है। जनजातीय क्षेत्रों के प्राकृतिक उत्पाद, शुद्ध खाद्य सामग्री, औषधीय वन उत्पाद और शहद भी विशेष महत्व रखते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आदि बाजार जैसे आयोजन जनजातीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
देशभर के जनजातीय शिल्पकारों के उत्पादों से सजा आदि बाजार
इस अवसर पर बताया गया कि आदि बाजार में मध्य प्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़, गुवाहाटी, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हैदराबाद, अहमदाबाद, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनजातीय शिल्पकारों एवं उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। यहां पॉमलीप इनग्रेविंग, वरली पेंटिंग, पट्टाचित्र पेंटिंग, तारकशी, ढोकरा शिल्प, कांथा एम्ब्रायडरी, पश्मीना शॉल, एप्लिक कारीगरी, बिदरी कला, लौह शिल्प, जनजातीय चित्रकलाएं और पारंपरिक वस्त्र विशेष आकर्षण का केन्द्र हैं।
बाजार में मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध महेश्वरी एवं चंदेरी वस्त्र कला, बाघ प्रिंट की साड़ियां और सूट भी प्रदर्शित किए गए हैं। इन वस्त्रों में पारंपरिक हथकरघा बुनाई, प्राकृतिक रंगों तथा लकड़ी के ब्लॉकों से की जाने वाली छपाई कला की विशिष्टता देखने को मिल रही है। इसके अतिरिक्त डोकरा धातु शिल्प की कलात्मक वस्तुएं, बांस से निर्मित घरेलू एवं सजावटी सामग्री, नारियल के खोल से बने कोकोनट बॉक्स और विभिन्न जनजातीय चित्रकलाएं भी आगंतुकों को आकर्षित कर रही हैं।
आदि बाजार में प्राकृतिक शहद, स्थानीय स्तर पर उत्पादित जैविक सामग्री, हस्तनिर्मित उपहार सामग्री और दैनिक उपयोग की पारंपरिक वस्तुएं भी उपलब्ध हैं। इस आयोजन के माध्यम से नागरिकों को देश के विभिन्न जनजातीय अंचलों की कला, शिल्प, प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कौशल से तैयार उत्पादों को करीब से जानने तथा सीधे शिल्पकारों से खरीदने का अवसर मिल रहा है।
मध्य प्रदेश में आगे भी होंगे आदि बाजार और आदि महोत्सव
ट्राइफेड की महाप्रबंधक प्रीति मैथिल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए आदि बाजार के उद्देश्यों एवं आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में जनजातीय लोककलाओं एवं हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के लिए श्रृंखलाबद्ध रूप से आदि बाजार और आदि महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। इंदौर के बाद दिसम्बर 2026 में रीवा में, जनवरी 2027 में भोपाल में आदि महोत्सव तथा फरवरी और मार्च 2027 में जबलपुर में आदि बाजार के आयोजन प्रस्तावित हैं।
शुभारंभ अवसर पर आदिवासी समाज के कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य के माध्यम से केन्द्रीय राज्यमंत्री उईके का स्वागत किया। उईके ने भी कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ लोकनृत्य में सहभागिता की। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा शिल्पकारों से चर्चा कर उनके उत्पादों, पारंपरिक कला और विपणन संबंधी अनुभवों की जानकारी ली। इस अवसर पर ट्राइफेड के सहायक प्रबंधक पी.एम. खदाने, सहायक प्रबंधक योगेश यादव सहित बड़ी संख्या में जनजातीय कलाकार एवं शिल्पकार उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर