Live VNS

सांसद भट्ट ने जिला बार सभागार के नए भवन का वर्चुअल किया लोकार्पण

सांसद भट्ट ने जिला बार सभागार के नए भवन का वर्चुअल किया लोकार्पण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नैनीताल, 28 नवंबर (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन के सभागार एवं कक्ष का जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने के बाद शनिवार को क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने ऑनलाइन माध्यम से उनका लोकार्पण किया। विधायक सरिता आर्या की उपस्थिति में सभागार एवं कक्ष बार एसोसिएशन को समर्पित किए गए। बताया गया कि सांसद निधि से स्वीकृत 10 लाख रुपये की धनराशि से सभागार में फर्श, प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाया गया।

कार्यक्रम को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि वह स्वयं अधिवक्ता हैं, और अधिवक्ताओं की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को भली-भांति समझते हैं। अधिवक्ता उनका परिवार हैं और वह हर आवश्यकता में उनके साथ खड़े हैं। विधायक सरिता आर्या ने सांसद का आभार जताया और वरिष्ठ अधिवक्ता घनानंद बड़थ्वाल, बहादुर पाल, पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह गंगोला और प्रीति साह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट ने कहा कि सभागार एवं कक्ष के जीर्णोद्धार से अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और एसोसिएशन की गतिविधियों के संचालन में सहूलियत होगी। सचिव संजय सुयाल ने सांसद एवं विधायक का आभार जताते हुए कहा कि जीर्णोद्धार से अधिवक्ताओं को सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हुआ है।

कार्यक्रम को एसोसिएशन के संरक्षक-जिला एवं सत्र न्यायालय प्रशांत जोशी ने भी संबोधित किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष मोहन जोशी, ओंकार गोस्वामी, राजेंद्र पाठक, भगवत प्रसाद, उपाध्यक्ष कमल चिलवाल, संयुक्त सचिव नीरज गोस्वामी, दीपक दानू, उमेश कांडपाल, तारा आर्या, सरिता बिष्ट, प्रेमा आर्या, निर्मल कुमार, मोहम्मद बिलाल, जिला शासकीय अधिवक्ता पंकज बिष्ट, अखिल साह, सुशील शर्मा, नन्दन चिलवाल, मंजू कोटलिया, तारा पाठक, स्वाति बोरा सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…