भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के स्वाभिमान, संस्कृति व अधिकारों के अमर प्रतीक: दुर्गा दास उइके

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भोपाल, 14 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गा दास उइके ने शनिवार को कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं थे, बल्कि वे जनजातीय समाज के स्वाभिमान, संस्कृति और अधिकारों के अमर प्रतीक हैं।
उइके मध्य प्रदेश के जबलपुर में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए देश और प्रदेश के समस्त जनजातीय समाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एक सामान्य जनजातीय परिवार में जन्म लेने वाले भगवान बिरसा मुंडा ने बचपन से ही गरीबी, शोषण, अन्याय और अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों को करीब से देखा और महसूस किया। उन्होंने समझा कि जब तक समाज जागरूक, संगठित और अपने अधिकारों के प्रति सजग नहीं होगा, तब तक वास्तविक उन्नति संभव नहीं है। उन्होंने जनजातीय समाज को सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर जागरूकता और संगठन की राह पर चलने का संदेश दिया।
उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश के महान जनजातीय नायकों को उचित सम्मान और पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को धरातल पर उतारने और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
समारोह में मप्र के जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार जनजातीय समाज के विकास, उनकी संस्कृति, परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन एवं सर्वांगीण उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार जनजातीय समाज के कल्याण और विकास के लिए कोई कसर बाकी नहीं रख रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यादव ने सदैव जनजातीय समाज के प्रति आत्मीयता और सम्मान का भाव प्रदर्शित किया।
पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल कर सरकार ने जनजातीय समाज के मान-सम्मान और गौरव को बढ़ाने का कार्य किया है। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हम सभी को भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज एवं प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।
कार्यक्रम को मुख्यमंत्री डॉ. यादव और क्षेत्रीय सांसद आशीष दुबे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर कुल 133 करोड़ 5 लाख 97 हजार रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जनजातीय समाज के प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित किया। इनमें जल संरक्षण और मोटे अनाज के संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाली उज्जियालो बाई, नेमा कुसरे, कक्षा दसवीं की परीक्षा में प्रदेश में आठवीं रैंक प्राप्त करने वाली मंडला की पूजा धुर्वे, अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी एवं स्वर्ण पदक विजेता जमुना वीके तथा द्रौपदी ध्रुवे शामिल रहीं।
इसके अलावा मंडला के पीएचडी शोधार्थी रामकिशोर सिसोदिया को 654 प्रमाण-पत्रों के साथ इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में स्थान बनाने के लिए तथा जबलपुर के राज्य स्तरीय वॉलीबॉल स्वर्ण पदक विजेता शोभित और वनवासी लोक साहित्य के संरक्षण में योगदान देने वाले साहित्यकार डॉ. टीआर वरखेड़े को भी सम्मानित किया गया। भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना और अन्य योजनाओं के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले हितग्राहियों को भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंच पर उपस्थित धर्मगुरूओं का सम्मान किया गया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनजातीय समुदाय के लोगों का मंच से पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत भी किया।
समारोह में मुख्यमंत्री यादव का जनजातीय समाज की पारंपरिक टोपी और तीर-कमान भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, कला और परंपराओं की झलक भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय के साथ भगवान बिरसा मुंडा और भारत माता के जयघोष किए तथा सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल में लगी जनजातीय वीर नायकों के गौरव गाथा से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इससे पहले जनजातीय गौरव दिवस के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शनिवार को जबलपुर पहुंचे केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आधारताल तिराहा स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर