भोपालः 30 फीट गहरे कुएं में गिरा तेंदुआ, रस्सी से उतारा पिंजरा; सुरक्षित निकाला

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भोपाल, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से करीब 20 किलोमीटर दूर सागोनी जोरा गांव में बुधवार को एक तेंदुआ 30 फीट गहरे कुएं में गिर गया। सुबह खेत पर पहुंचे किसान ने उसे कुएं के भीतर देखा और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग और वन विहार की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, बैरसिया रोड स्थित गांव में खेत मालिक करण सिंह बुधवार सुबह करीब 11 बजे खेत पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुएं में बैठे तेंदुए पर पड़ी। सूचना मिलते ही डीएफओ लोकप्रिय भारती टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
वन परिक्षेत्र अधिकारी मनीष शर्मा, सतपुड़ा बायोडायवर्सिटी कंजर्वेशन सोसाइटी के अध्यक्ष आदिल खान और अन्य विशेषज्ञों ने सबसे पहले कुएं का पानी खाली कराया। इसके बाद तेंदुआ कुएं की अंदरूनी मुंडेर पर जाकर बैठ गया।
तेंदुए को बाहर निकालने के लिए दोपहर करीब 1:30 बजे रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। वन विहार की डिप्टी डायरेक्टर रूही हक भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उनके मुताबिक, पिंजरे को रस्सियों की मदद से कुएं के अंदर उतारा गया। तेंदुआ आसानी से पिंजरे में चला गया, जिसके बाद उसे बाहर निकालकर रेस्क्यू वाहन से वन विहार पहुंचाया गया। मौके तक वाहन पहुंचने से अभियान में कोई बड़ी परेशानी नहीं आई।
वन विहार में डॉक्टरों की टीम ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया। फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई गई है। उसे करीब 15 दिन तक क्वारेंटाइन में रखा जाएगा। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ने पर विचार किया जाएगा।
उधर, भोपाल के बाग मुगालिया स्थित ईको लॉजिकल पार्क में तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए बुधवार से सुबह और शाम की सैर पर रोक लगा दी गई है। दो दिन पहले इसी पार्क में तेंदुए के हमले में 16 वर्षीय किशोर घायल हुआ था। उसके सीने पर गहरे घाव आए थे। मंगलवार को पार्क में बाघ की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा रही। इसके बाद वन विभाग ने यहां ट्रैप कैमरे लगाए हैं। फिलहाल तेंदुए का पता नहीं चला है, लेकिन वन्यजीव के पदचिह्न जरूर मिले हैं। करीब 450 हेक्टेयर में फैले इस पार्क में वन विभाग की निगरानी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर