भोपालः जनजातीय गौरव दिवस अभियान के तहत विद्यार्थियों ने किया जनजातीय मिनी संग्रहालय का भ्रमण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भोपाल, 13 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय गौरव दिवस अभियान आदि सेवा समय एवं आदि सेवा दिवस के अंतर्गत शुक्रवार को जनजातीय अनुसंधान एवं विकास संस्था (टीआरआई), भोपाल द्वारा विद्यार्थियों के लिए जनजातीय मिनी संग्रहालय के शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इसमें एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस), बावड़ियाकलां के 67 छात्र-छात्राओं तथा जनजातीय बालक छात्रावास, श्यामला हिल्स के 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को मध्य प्रदेश की विभिन्न अनुसूचित जनजातियों की संस्कृति, इतिहास, पारम्परिक वेशभूषा, आभूषण, खेती-किसानी एवं घरेलू उपयोग में आने वाले उपकरणों तथा वाद्य यंत्रों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। संस्थान के सहायक अनुसंधान अधिकारी श्री एम.डी. कनेरिया एवं सेवानिवृत्त सीएफओ श्री बी.आर. सातपुते ने विद्यार्थियों को जनजातीय समाज की ऐतिहासिक जीवनशैली, पारम्परिक कला, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक योगदान से अवगत कराया।
संस्थान के विशेषज्ञ कनेरिया ने विद्यार्थियों को प्रदेश की गोंड, भील, बैगा, सहरिया, भारिया और कोरकू सहित विभिन्न जनजातियों पर किए जा रहे शोध कार्यों, उनके पारम्परिक ज्ञान तथा शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
विद्यार्थियों ने संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं का अवलोकन किया। उन्होंने जनजातीय समुदायों की पारम्परिक वेशभूषा, आभूषण, वाद्य यंत्रों तथा घरेलू एवं शिकार में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों को उत्साहपूर्वक देखा और उनसे जुड़ी लोककथाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विद्यार्थियों को टीआरआई की संग्रहालय गैलरी में एक से 18 नवम्बर, 2026 तक आयोजित फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन कराया गया। प्रदर्शनी में जनजातीय संस्कृति, पारम्परिक आभूषणों और वाद्य यंत्रों से संबंधित छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं।
भ्रमण के दौरान संस्थान के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों ने जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, पारम्परिक ज्ञान और कलात्मक विरासत को करीब से जाना तथा अपनी संस्कृति पर गर्व का अनुभव किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर