Live VNS

भोपाल के जनता क्वार्टर में 599 मकानों पर चला बुलडोजर, 10 पोकलेन सहित सैकड़ों कर्मचारी और पुलिसकर्मी तैनात

भोपाल के जनता क्वार्टर में 599 मकानों पर चला बुलडोजर, 10 पोकलेन सहित सैकड़ों कर्मचारी और पुलिसकर्मी तैनात

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- इंदौर में भी 62 मकानों पर की जा रही कार्रवाई

भोपाल, 23 नवंबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में सोमवार को जर्जर मकानों और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की गई। भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में 599 जर्जर ईडब्ल्यूएस आवासों को ध्वस्त किया जा रहा है। वहीं, इंदौर की एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में भी 62 मकानों को हटाने के लिए प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम मैदान में उतरी है। भोपाल में कार्रवाई के लिए 10 पोकलेन मशीनें लगाई गई हैं, जबकि मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तैनात है।

ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार सुबह से ही मकान तोड़ने की कार्रवाई जारी है। प्रशासन बुलडोजर और 10 पोकलेन मशीनों की मदद से 599 जर्जर ईडब्ल्यूएस आवासों को ध्वस्त कर रहा है। मौके पर चार एसडीएम, 10 तहसीलदार सहित सैकड़ों कर्मचारी और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

रविवार शाम से ही इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई थी। जनता क्वार्टर की ओर आने-जाने वाले रास्ते बंद कर दिए गए हैं और यातायात को दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया गया है। प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र के कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। कार्रवाई से पहले कई रहवासियों ने खुद ही अपने निर्माण हटाने शुरू कर दिए थे। लोगों ने मकान खाली कर सामान बाहर निकाल लिया था।

इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में भी कार्रवाई

इंदौर के एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार को नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। टीम बुलडोजर और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान मकानों को ध्वस्त करने के साथ मलबा हटाने का काम भी किया गया। कार्रवाई के दौरान मलबे में भगवान की एक मूर्ति दब गई थी, जिसे निगमकर्मियों ने निकालकर सुरक्षित अलग रख दिया। कृष्णबाग कॉलोनी में मकान तोड़ने की कार्रवाई पहले 16 और 17 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल नहीं मिलने के कारण इसे टालना पड़ा। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को भी कार्रवाई नहीं हो सकी। अब पुलिस बल की व्यवस्था होने के बाद सोमवार को प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है।

13 नवंबर तक मकान खाली करने का दिया था नोटिस

हाउसिंग बोर्ड ने रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान खाली करने और अपना सामान हटाने का अंतिम नोटिस जारी किया था। इसके बाद 14 नवंबर से कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन रहवासियों के विरोध और पुलिस बल की कमी के चलते इसे आगे बढ़ाना पड़ा। विरोध के दौरान तीन महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई थी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

जमीन विवाद 2003 से चल रहा

कृष्णबाग कॉलोनी में मकान हटाने का मामला ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा है। इस जमीन को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है। मामला तहसीलदार से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। शुक्रवार को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जगदीश कुमावत सहित 19 रहवासियों को अंतरिम राहत देते हुए फिलहाल बेदखल नहीं करने के आदेश दिए थे। इसके बाद अन्य 62 रहवासियों के मकानों पर कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया। जिसके बाद प्रशासन और नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और बेदखली की कार्रवाई शुरू की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…