Live VNS

मुख्यमंत्री ने किया सीप-अंबर परियोजना का लोकार्पण, वर्चुअल शामिल हुए केंद्रीय कृषि मंत्री

मुख्यमंत्री ने किया सीप-अंबर परियोजना का लोकार्पण, वर्चुअल शामिल हुए केंद्रीय कृषि मंत्री

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सीहोर, 27 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज सीप-अम्बर सिंचाई परियोजना का लोकार्पण ऐतिहासिक अवसर है। इस परियोजना के माध्यम से बुधनी एवं भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों के खेतों तक पानी पहुंचेगा। पानी के बिना खेती की कल्पना संभव नहीं है। सीप-अम्बर परियोजना से किसानों की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा और पूरे क्षेत्र में खुशहाली आएगी।

केन्द्रीय मंत्री शुक्रवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भेरूंदा क्षेत्र में 536 करोड़ की सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के लोकार्पण समारोह को दिल्ली से वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज केवल किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंचा है, बल्कि मां नर्मदा मैया का आशीर्वाद भी पानी के रूप में पहुंचा है।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि जनता की सेवा ही भगवान की सेवा है। इस क्षेत्र के विकास के लिए हमारी सरकार ने निरंतर प्रयास किए हैं। हमारे किसान बहुत परिश्रमी हैं और उन्हें पानी जैसे आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो जाएं, तो वे न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश और देश की तस्वीर बदलने की क्षमता रखते हैं। सीप-अम्बर परियोजना किसानों के जीवन में समृद्धि लाने और कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि इछावर क्षेत्र के कुछ गांवों में अब भी पानी की दरकार है, इसलिए इस योजना का एक और चरण शुरू करने की आवश्यकता है। छीपानेर परियोजना के पूर्ण होने पर खातेगांव को भी सिंचाई का लाभ मिलेगा। केंद्रीय कृषि मंत्रालय और राज्य सरकार मिलकर मध्य प्रदेश का कृषि विकास रोडमैप तैयार करेंगे। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में केन्द्र सरकार मध्य प्रदेश सरकार के साथ मिलकर राज्य के सभी गांवों में लोगों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका का विस्तार करेंगे और पूरे गांव एवं ग्रामीणों को गरीबी मुक्त बनाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीहोर जिले के भेरूंदा क्षेत्र में 536 करोड रुपये की सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के प्रथम एवं द्वितीय चरण का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने बुधनी क्षेत्र के लिए अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी किया। उन्होंने बुधनी क्षेत्र के लिए कुल 574 करोड़ रुपये से अधिक की सौगाते दीं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया।

इस अवसर पर बताया गया कि परियोजना के पहले चरण से 47 गांवों की 15,284 हेक्टेयर और दूसरे चरण से 29 गांवों की 14,807 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई होगी। पहले चरण के लिए 346.12 करोड़ और दूसरे चरण के लिए 190.11 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। पहले चरण में 16.57 किलोमीटर और दूसरे चरण में 24.09 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। दोनों चरणों का निर्माण निर्धारित 36 माह की अवधि में पूरा किया गया। अनुबंध के अनुसार निर्माण एजेंसियां पांच वर्ष तक परियोजना का संचालन और रखरखाव भी करेंगी।

परियोजना के तहत नर्मदा नदी से पानी लिफ्ट कर पंप हाउस और भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इस व्यवस्था से पानी के रिसाव और वाष्पीकरण से होने वाली हानि कम होगी। किसान निर्धारित तकनीकी व्यवस्था के अनुसार स्प्रिंकलर और ड्रिप प्रणाली से फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…