दमोह: जैविक हाट बाजार के टीन शेड पर दूसरे दुकानदारों को जगह देने के विरोध में किसानों का प्रदर्शन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
दमोह, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के लिए निर्मित हाट बाजार के टीन शेड का उपयोग अन्य दुकानदारों को दिए जाने के आरोप को लेकर मंगलवार को किसानों ने प्रदर्शन किया।
भारतीय किसान संघ महाकौशल प्रांत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए जैविक उत्पादक किसानों ने जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं संबंधित विभागों के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर दमोह के माध्यम से सौंपा गया। एसडीएम संजय दुबे ने किसानों से ज्ञापन प्राप्त किया।
भारतीय किसान संघ महाकौशल प्रांत के प्रांत सदस्य रमेश यादव द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में बताया गया कि दमोह जिले में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत लगभग चार हजार किसान करीब चार सौ एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक पद्धति से रसायनमुक्त खेती कर रहे हैं। इन किसानों द्वारा कोदो, कुटकी, रागी, ज्वार, बाजरा, मक्का, धान, गेहूं, तिलहन, दलहन सहित विभिन्न प्रकार के फल, फूल एवं सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है।
प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से दमोह में जैविक हाट बाजार की शुरुआत की गई थी। यह बाजार पिछले लगभग तीन वर्षों से प्रत्येक रविवार एवं बुधवार को महिला बस्ती गृह के पास रेलवे नाका बस स्टैंड मार्ग पर लगाया जा रहा है। यहां किसान अपने जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का सीधे विक्रय करते हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि लंबे समय से किसानों को अस्थायी नेट शेड के नीचे बैठकर अपनी उपज बेचनी पड़ रही थी। किसानों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा नगरपालिका के माध्यम से उक्त स्थान पर पक्का चबूतरा एवं टीन शेड का निर्माण कराया गया था। इससे किसानों को उम्मीद थी कि उन्हें स्थायी विक्रय स्थल उपलब्ध हो सकेगा।
हालांकि, किसान संघ ने आरोप लगाया कि नवंबर माह में मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेन्द्र सिंह लोधी द्वारा उक्त स्थान कपड़ा दुकानदारों को दुकान लगाने के लिए उपलब्ध करा दिया गया। इससे जैविक उत्पादों का विक्रय करने वाले किसानों में नाराजगी व्याप्त है। किसानों का कहना है कि जिस स्थान का निर्माण उनकी सुविधा के लिए कराया गया है, उसका उपयोग भी जैविक उत्पादक किसानों को ही करने दिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन में मांग की गई कि जैविक हाट बाजार के लिए निर्मित पक्का चबूतरा और टीन शेड प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसानों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे नियमित रूप से अपनी उपज का विक्रय कर सकें।
भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिवस के भीतर किसानों को उक्त टीन शेड उपलब्ध नहीं कराया गया तो संगठन धरना-आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में जैविक उत्पादक एवं विक्रेता किसान उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव