Live VNS

मप्रः डीजीपी ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 277 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित

मप्रः डीजीपी ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 277 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन अकादमी में पुलिस महानिदेशक की प्रशस्ति रोल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 277 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति रोल प्रदान कर सम्मानित किया।

वर्ष 2002 में हुई थी प्रशस्ति रोल सम्मान की शुरुआत

स्वागत उद्बोधन में विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक की प्रशस्ति रोल सम्मान की शुरुआत वर्ष 2002 में हुई थी। यह सम्मान वर्ष में दो बार प्रदान किया जाता है। नक्सल विरोधी अभियान, विभिन्न पुलिस अभियानों, प्राकृतिक आपदा के दौरान सराहनीय कार्य, प्रशिक्षण, अनुसंधान, वाहन संचालन सहित पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस सम्मान से नवाजा जाता है। उन्होंने बताया कि इस समारोह से पहले तक 915 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति रोल प्रदान किए जा चुके हैं एवं आज के कार्यक्रम में कुल 277 अधिकारी पुरस्कृत किए गए।

अच्छे कार्य का पुरस्कार तत्काल मिलना चाहिए : डीजीपी

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्दीधारी सेवाओं में पुरस्कार एवं दंड की व्यवस्था का विशेष महत्व है। अच्छे कार्य का पुरस्कार उचित समय पर मिलना चाहिए, वहीं लापरवाही और अनियमितता करने वालों की जवाबदेही भी तय कर दंड दिया जाना चाहिए। अच्छे कार्यों को समय पर पहचान और प्रोत्साहन मिलने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है तथा अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने पुलिस इकाइयों के प्रमुखों से कहा कि वे अपने अधीनस्थों के अच्छे कार्यों को तत्काल पहचानें, उनकी सराहना करें और पुरस्कार प्रस्ताव भेजने में अनावश्यक देरी न होने दें। पुलिस मुख्यालय में प्रस्ताव प्राप्त होने पर शीघ्र-अतिशीघ्र पुरस्कार आदेश एवं प्रशस्ति पत्र जारी किये जा रहे हैं। असाधारण कार्य के मामलों में उसी दिन भी पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने ट्रेन में गिर रही महिला की जान बचाने वाले एक पुलिसकर्मी का उदाहरण देते हुए बताया कि इस प्रकार के सराहनीय कार्य के लिए तत्काल 10 हजार रुपये का पुरस्कार आदेश एक दिवस में दिया गया।

नक्सल विरोधी अभियान में मध्य प्रदेश पुलिस का ऐतिहासिक योगदान

डीजीपी मकवाणा ने नक्सल विरोधी अभियान में मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2025 इस दिशा में ऐतिहासिक रहा। मानसून के दौरान भी सर्चिंग एवं अभियान लगातार जारी रहे। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गत वर्ष सर्वाधिक अभियान, मुठभेड़, नक्सलियों का निष्प्रभावीकरण और आत्मसमर्पण दर्ज किए गए। एक वर्ष के भीतर 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिए गए। बालाघाट में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में विभिन्न रैंक के 64 पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान किए गए।

उन्होंने हॉक फोर्स के उपस्थित अधिकारियों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में उन्होंने अभियानों का नेतृत्व किया। सभी एजेंसियों और पुलिस बलों के संयुक्त प्रयासों से मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बना, जिसे 11 दिसंबर 2025 को आधिकारिक रूप से नक्सल मुक्त घोषित किया गया। उन्होंने इसे पूरे पुलिस बल और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में मध्य प्रदेश हॉक फोर्स के उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन का भी उल्लेख किया।

डायल-112 के आधुनिकीकरण से आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था हुई मजबूत

पुलिस महानिदेशक ने डायल-112 व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण में योगदान देने वाली टीम की सराहना करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश ने वर्ष 2015 में डायल-100 सेवा शुरू कर आपातकालीन पुलिस सहायता के क्षेत्र में अग्रणी पहल की थी। पुरानी व्यवस्था की अवधि पूरी होने के बाद नई डायल-112 व्यवस्था लागू करने में पूर्व कई वर्षों में तकनीकी एवं प्रक्रियागत चुनौतियां आईं। किंतु हमारी टीम ने मात्र 6 से 7 माह के प्रयासों के बाद नई डायल-112 व्यवस्था लागू की गई। वर्तमान में 1,200 नए वाहन नागरिकों को आपातकालीन सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। आधुनिक कंट्रोल रूम और नए वाहनों से आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और प्रभावी बनाया गया है।

नशे और साइबर अपराध के विरुद्ध प्रभावी प्रयासों पर जोर

पुलिस महानिदेशक ने मादक पदार्थों की समस्या को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध सभी पुलिस इकाइयों को समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस के ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके अंतर्गत व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए और ग्रामीण क्षेत्रों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया। अभियान की योजना, समय-सारणी, प्रशिक्षण फिल्में, प्रशिक्षण सामग्री, पोस्टर एवं पेम्पलेट तैयार करने तथा जिलों तक पहुंचाने में पुलिस मुख्यालय की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य के अनुरूप एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इसमें नारकोटिक्स पुलिस थानों, डार्कनेट, क्रिप्टोकरेंसी और संबंधित विषयों पर कार्य करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल की गई हैं।

साइबर अपराधों को भविष्य की बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में साइबर अपराध की शिकायतों को अपराध के रूप में दर्ज करने के लिए ई-जीरो एफआईआर की व्यवस्था शुरू की गई। पूर्व में एक लाख रुपये तक की साइबर शिकायतों को भी इसके माध्यम से दर्ज करने की व्यवस्था लागू की गई थी, जिसे बाद में घटाकर रु. 25 हजार तक की गई। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक पीड़ितों की शिकायत में अपराध कायम कर उन्हें राहत उपलब्ध कराने के प्रयासों को प्रभावी बनाना है।

सम्मानित पुलिसकर्मियों को दी बधाई

समारोह के अंत में पुलिस महानिदेशक मकवाणा ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके परिवारों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी की उपलब्धि के पीछे उसके परिजनों का त्याग, सहयोग और विश्वास भी महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्य करते रहने का आह्वान किया। समारोह में वर्ष 2024 एवं 2025 के प्रशस्ति रोल प्राप्तकर्ताओं सहित विभिन्न श्रेणियों में चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…