Live VNS

ग्वालियरः तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और 8 साल की बेटी की मौत

ग्वालियरः तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और 8 साल की बेटी की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

ग्वालियर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में रविवार शाम को ग्वालियर-झांसी नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। डबरा के कल्याणी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे कमल किशोर विश्वकर्मा, उनकी पत्नी सीमा और आठ साल की बेटी दीक्षा की जान चली गई। छह साल की छोटी बेटी भूमि उर्फ बिट्टी गंभीर रूप से घायल है। उसका ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, भितरवार के सासन गांव निवासी 36 वर्षीय कमल किशोर रविवार को पत्नी और दोनों बेटियों के साथ ग्वालियर आए थे। पत्नी सीमा का यहां इलाज चल रहा था। दवा और उपचार कराने के बाद परिवार को गुड़ी-गुड़ा नाके पर रहने वाले कमल के साले के घर भी जाना था। शाम करीब छह बजे वे बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान कल्याणी के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चारों उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए ग्वालियर भेजा। कमल किशोर ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान आठ वर्षीय दीक्षा को भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद सीमा की भी मौत हो गई। परिवार की छह साल की बेटी भूमि उर्फ बिट्टी की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसका उपचार कर रही है।

बताया गया है कि हादसे के समय कमल किशोर बाइक चला रहे थे। उनके पीछे पत्नी सीमा बैठी थीं। सीमा की गोद में छोटी बेटी भूमि थी, जबकि आठ वर्षीय दीक्षा बीच में बैठी थी। परिवार छीमक की ओर से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान कल्याणी की तरफ से आए वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने वाला वाहन तेज रफ्तार ट्राला था। टक्कर के बाद ट्राला भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरा।

कमल किशोर ने ग्वालियर आने के दौरान रात को गुड़ी-गुड़ा नाके पर रहने वाले अपने साले के घर रुकने की योजना बनाई थी। पत्नी का इलाज और दवा लेने के बाद परिवार को वहीं जाना था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से भितरवार के सासन गांव में शोक का माहौल है।

आंतरी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जोनवार ने बताया कि तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति और उनकी एक बेटी की मौत हुई है। दूसरी बेटी घायल है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…