स्वस्थ समाज का लक्ष्य हासिल करने के लिए रोगों की उत्पत्ति रोकने पर ध्यान देना आवश्यक : नरेन्द्र सिंह तोमर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- ग्वालियर में बदलते भारत की स्वास्थ्य नीतियों पर राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस शुरू, 400 से अधिक विशेषज्ञ कर रहे मंथन
ग्वालियर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि केवल चिकित्सा सुविधाओं और अधोसंरचना का विस्तार करने से स्वस्थ समाज का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए आवश्यक है कि रोगों की उत्पत्ति रोकने पर ध्यान दिया जाए। प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न हो रही स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच शोध का दायरा बढ़ाने और बचाव के प्रभावी उपाय विकसित करने की जरूरत है।
विधानसभा अध्यक्ष तोमर शुक्रवार को ग्वालियर में 'बदलते भारत के लिए जनस्वास्थ्य में क्रांति : नीति, व्यवहार और जनभागीदारी का एकीकरण' विषय पर आयोजित राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सा वैज्ञानिकों से आधुनिक शोध के साथ पुरातन भारतीय जीवनशैली, दिनचर्या और प्रकृति-अनुकूल पद्धतियों का भी अध्ययन करने का आग्रह किया।
गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय (जीआरएमसी) के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा आयोजित 12वी साउथ सेंट्रल जोन इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन का आयोजन राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में हो रहा है। शुक्रवार से शुरू हुई इस राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित देशभर से 400 से अधिक जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ, चिकित्सा शिक्षक, नीति निर्माता, शोधकर्ता और स्नातकोत्तर विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र में कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। खुश की बात है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का संकल्प भी तेजी से पूरा हो रहा है। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
तोमर ने कहा कि कोविड महामारी के कठिन दौर में भारतीय शोधकर्ताओं ने कम समय में स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर देशवासियों की रक्षा की। साथ ही अनेक जरूरतमंद देशों को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराकर भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी शोध क्षमता और सामर्थ्य का परिचय दिया। उन्होंने कहा चिकित्सक यदि अपने पेशे के मर्म को समझकर ईमानदारी और संवेदनशीलता से दायित्व निभाएं तो वे मानव होते हुए भी देवतुल्य बन सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कॉन्फ्रेंस में होने वाला विमर्श केन्द्र और राज्य सरकारों की स्वास्थ्य नीतियों के लिए उपयोगी साबित होगा।
जनभागीदारी से ही सफल होंगी स्वास्थ्य नीतियां – डॉ. कोटवाल
आईएपीएसएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त मेजर जनरल डॉ. अतुल कोटवाल ने कहा कि समुदाय की सक्रिय भागीदारी के बिना कोई भी स्वास्थ्य नीति जमीनी स्तर पर सफल नहीं हो सकती। उन्होंने गैर-संचारी रोगों, बदलती जीवनशैली और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना और साक्ष्य आधारित शोध पर जोर दिया। उन्होंने मेडीकल कॉलेजों से अकादमिक शोध और जमीनी जरूरतों के बीच सेतु बनकर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का आह्वान किया।
जीआरएमसी के डीन डॉ. आर.के.एस. धाकड़ ने कहा कि कम्युनिटी मेडीसन अत्यंत महत्वपूर्ण व जिम्मेदारी वाला विभाग है। समाज में बीमारियों को रोकने वाले इस विज्ञान के सामने बदलते दौर में तमाम चुनौतियां हैं। जिनसे निपटने के लिये जन स्वास्थ्य विशेषज्ञों को साझा प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा खुशी की बात है जीआर मेडीकल कॉलेज में जीन स्टडी सहित अन्य अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
डॉ. मिश्रा “लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड” से सम्मानित, स्मारिका का भी हुआ विमोचन
कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र में जीआर मेडीकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडीसन विभाग के विभागाध्यक्ष रहे डॉ. अशोक मिश्रा को लोक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने एसोसिएशन की ओर से “लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड” प्रदान कर सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य अतिथियों ने आईएपीएसएम की स्मारिका का विमोचन भी इस अवसर पर किया। आरंभ में उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर 12वी साउथ सेंट्रल जोन इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन कॉन्फ्रेंस का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन सत्र में इनकी रही मौजूदगी
साउथ सेंट्रल जोन आईएपीएसएम कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र में आईएपीएसएम के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. मनीष कुमार सिंह, जोनल अध्यक्ष डॉ. संजय दीक्षित व सचिव डॉ. हेमलता ठाकुर, आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज बंसल एवं आयोजन सचिव डॉ. अवधेश दिवाकर सहित अन्य पदाधिकारी मंचासीन थे। कार्यक्रम में रामबरन सिंह व अशोक जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा डॉ. अशोक मिश्रा, डॉ. प्रवेश सिंह भदौरिया सहित आयोजन से जुड़े अन्य चिकित्सकगण व पदाधिकारी मौजूद थे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज बंसल एवं आयोजन सचिव डॉ. अवधेश दिवाकर ने बताया कि यह कॉन्फ्रेंस 'बदलते भारत के लिए जनस्वास्थ्य में क्रांति : नीति, व्यवहार और जनभागीदारी का एकीकरण' विषय पर आयोजित हो रही है। कॉन्फ्रेंस में टीकाकरण, मातृ-शिशु एवं किशोर स्वास्थ्य, संचारी और गैर-संचारी रोग, डिजिटल हेल्थ, जलवायु परिवर्तन, वन हेल्थ, मानसिक स्वास्थ्य और पोषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर