विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- पंकज आडवाणी, कमल चावला, मनन चंद्रा, श्रीकृष्ण सूर्यनारायण, अनुपमा और अमी कमानी ने दर्ज की जीत
इंदौर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में चल रही आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप के मुख्य दौर में भारतीय खिलाड़ियों ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में 29 बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी, कमल चावला, मनन चंद्रा और श्रीकृष्ण सूर्यनारायण ने प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त दी। महिला वर्ग में गत विजेता अनुपमा रामचंद्रन के साथ इंदौर की अमी कमानी ने भी पहले मुकाबले में जीत दर्ज की।
भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें दुनिया के 48 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ियों को 12 समूहों में बांटा गया है। प्रत्येक समूह में चार खिलाड़ी राउंड रॉबिन आधार पर मुकाबले खेलेंगे। हर समूह से शीर्ष दो खिलाड़ी अगले चरण में पहुंचेंगे।
आडवाणी ने फिलीपींस के खिलाड़ी को हराया
मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में भारत के दिग्गज खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने फिलीपींस के माइकल मेंगोरियो को 4-1 से पराजित किया। अर्जुन पुरस्कार, पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित आडवाणी ने शुरुआती दोनों फ्रेम जीतकर बढ़त बनाई और अंत तक अपना दबदबा कायम रखा। ग्रुप-एल में यह उनकी पहली जीत रही।
ग्रुप-ई में मनन चंद्रा ने हांगकांग के रयान ली को 4-2 से हराया। वहीं ग्रुप-बी में श्रीकृष्ण सूर्यनारायण ने कुवैत के अब्दुल्ला अल युसुफ को सीधे चार फ्रेम में 4-0 से शिकस्त दी।
कमल चावला और हुसैन खान भी चमके
मध्य प्रदेश के खिलाड़ी कमल चावला ने जर्मनी के क्रिश्चियन रिक्टर को 4-1 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। हुसैन खान ने भी ग्रुप-एफ के मुकाबले में सिंगापुर के सनी वांग को 4-1 से मात दी। हालांकि, भारतीय खिलाड़ी केतन चावला को ग्रुप-सी में हांगकांग के वांग यूचेन के हाथों 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। केतन ने हाल ही में चीन में आयोजित विश्व टीम चैंपियनशिप में भारत को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
कड़े मुकाबलों में राजमी और पारस की जीत
भारतीय खिलाड़ियों के बीच भी कई मुकाबले रोचक रहे। रयान राजमी ने फ्रांस के निकोलस मोर्ट्रक्स को 4-3 से हराया। मुकाबला 3-3 की बराबरी पर पहुंचने के बाद राजमी ने निर्णायक फ्रेम अपने नाम किया। ग्रुप-ए में पारस गुप्ता ने उजैर खान को भी 4-3 से पराजित किया। ग्रुप-जी में क्रिश गुरबक्शानी ने लक्ष्मण रावत को 4-1 से हराया। दूसरी ओर ग्रुप-बी में हांगकांग के टैम युन फंग ने भारत के ध्रुव पटेल को 4-3 से शिकस्त दी।
महिला वर्ग में अनुपमा और अमी की जीत
महिला वर्ग में गत विजेता अनुपमा रामचंद्रन ने फ्रांस की ओफेली लावल को 2-0 से हराकर खिताब बचाने की दिशा में पहला कदम बढ़ाया। इंदौर की अमी कमानी ने भी घरेलू दर्शकों के सामने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने भारत की 16 वर्षीय अफिफा फखरूद्दीन को 2-0 से शिकस्त दी।
अन्य मुकाबलों में फिलीपींस की कार्मिले बुहाट ने आयरलैंड की एला ओ'कॉनर को और भारत की किर्थना पांडियान ने पूजा गलुंडिया को 2-0 से हराया। रवीना उमादेवी ने सान्वी शाह को 2-1 से पराजित किया, जबकि हांगकांग की सो मन यान ने आयरलैंड की मार्गरेट के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर