इंदौरः जनविश्वास शिविर में 415 आवेदन प्राप्त, 356 का मौके पर निराकरण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
इंदौर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धरावरा में आयोजित जनविश्वास शिविर में 415 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 356 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।
शिविर में कलेक्टर शिवम वर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित कराया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्राम में संचालित शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजेंद्र वर्मा, एसडीएम लोकेंद्र सिंह सरल, गुमान सिंह पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
नवविकसित आदर्श मुक्तिधाम का अवलोकन, गंभीर नदी की सफाई के निर्देश
कलेक्टर वर्मा ने ग्राम धरावरा में नवविकसित आदर्श मुक्तिधाम का अवलोकन कर वहां कराए गए विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मुक्तिधाम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मुक्तिधाम के समीप से प्रवाहित गंभीर नदी में जलकुंभी की समस्या को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नदी की समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंदौर से आवश्यक मशीनरी बुलाकर नदी से जलकुंभी हटाने की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाए। साथ ही ग्राम में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता की तथा स्वयं सफाई कार्य में भी योगदान दिया।
आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण, नवीन भवन का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर वर्मा ने ग्राम के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पोषण आहार वितरण एवं बच्चों की पोषण स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में दर्ज एवं उपस्थित बच्चों की संख्या तथा उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। बच्चों की संख्या को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने नवीन आंगनबाड़ी भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
एकीकृत माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों से किया संवाद
कलेक्टर ने ग्राम स्थित एकीकृत माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति, अध्ययन व्यवस्था एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रत्येक कक्षा में पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि विद्यार्थियों को अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
जनसंवाद में 415 आवेदन प्राप्त, 356 का मौके पर निराकरण
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर शिवम वर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 415 आवेदन एवं समस्याएं प्राप्त हुईं। इनमें से 356 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए उनके निराकरण के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान एक बालिका नीलम ठाकुर ने बेबाक तरीके से अपनी बात रखी। उसने बताया कि वह अनेक चुनौतियों का सामना कर इंदौर से बीबीए कर रही है। गांव की अन्य बालिकाओं को भी पढ़ने में समस्या आ रही है। मुख्य समस्या आवागमन की है। कलेक्टर ने समस्या की गंभीरता को देखते हुए समस्या का तुरंत निराकरण करते हुए कहा कि कलारिया तक आने वाली बस को इस गांव में भी भेजने की व्यवस्था की जायेगी।
उद्यमी संवाद में हितग्राही उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव
शिविर के दौरान उद्यमी संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार शासकीय योजनाओं एवं सहायता के माध्यम से उन्होंने स्वयं के उद्योग स्थापित कर स्वरोजगार प्राप्त किया तथा अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। कलेक्टर ने अन्य युवाओं से भी आव्हान किया कि वे स्वयं का रोजगार स्थापित करें। खुद के स्वरोजगार के साथ दूसरों को भी रोजगार दें।
इसी क्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा समूह के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों में सहभागिता एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उद्यमी संवाद के माध्यम से शासन की योजनाओं से प्राप्त लाभ और स्वरोजगार एवं रोजगार सृजन की संभावनाओं को बताया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभाविंत किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर