Live VNS

इंदौरः जिले में मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य हुआ प्रारंभ

इंदौरः जिले में मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य हुआ प्रारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- प्रारूप मतदाता सूची में जिले की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 25 लाख 36 हजार 870 मतदाता दर्ज

- जिले में 4 जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

इंदौर, 12 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में भी गुरुवार, 12 नवंबर से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 प्रारंभ हो गया है। इसके तहत गुरुवार को इंदौर जिले की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।

इस संबंध में आज कलेक्टर कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची और प्रारूप मतदान केंद्रों की सूची का वितरण किया गया। बैठक में संयुक्त कलेक्टर और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत श्रीवास्तव और मुख्य मास्टर ट्रेनर डॉ.आर. के. पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन, मतदाता केंद्रों के युक्तियुक्तकरण तथा पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी की जानकारी दी गई। प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार इंदौर जिले में कुल 25 लाख 36 हजार 870 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 12 लाख 75 हजार 964 पुरुष, 12 लाख 60 हजार 810 महिला तथा 96 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले का जेंडर रेशियो 988 है।

जिले की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3,209 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें देपालपुर में 358, इंदौर-1 में 387, इंदौर-2 में 356, इंदौर-3 में 202, इंदौर-4 में 325, इंदौर-5 में 437, महू में 362, राऊ में 403 तथा सांवेर में 379 मतदान केंद्र शामिल हैं।

11 दिसम्बर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा अन्य दावे-आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। नाम जुड़वाने के आवेदन पत्र 6 के साथ घोषणा पत्र नहीं लिया जायेगा। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक सहयोग करने की अपेक्षा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…