Live VNS

इंदौरः फिनिक्स मॉल के पीछे खड़ी संदिग्ध कार से मिले 80 लाख रुपये, दो हिरासत में

इंदौरः फिनिक्स मॉल के पीछे खड़ी संदिग्ध कार से मिले 80 लाख रुपये, दो हिरासत में

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

इंदौर, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में फिनिक्स मॉल के पीछे खड़ी एक कार से पुलिस ने 80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। कनाड़िया थाना पुलिस ने बुधवार रात संदिग्ध हालत में खड़ी वेगनआर कार की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में नकदी मिली। रकम के संबंध में कोई दस्तावेज पेश नहीं करने पर देवास जिले के दो किसानों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, टीपीएस-05 मेन रोड स्थित फिनिक्स मॉल के पीछे खाली मैदान में कार (एमपी 09 जेडई 5088) खड़ी थी। बुधवार रात करीब 8 बजे जांच के दौरान उसमें 500 रुपये के नोटों में 75 लाख, 100 रुपये के नोटों में 3 लाख और 200 रुपये के नोटों में 2 लाख रुपये मिले।

मौके से हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान तिलोक पुत्र भेरूलाल गामी और मनोज पुत्र भेरूलाल गामी के रूप में हुई है। दोनों देवास जिले के बागली थाना क्षेत्र के बरखेड़ा सोमा गांव के रहने वाले हैं और खेती-किसानी करते हैं।

पुलिस ने जब इतनी बड़ी रकम के स्रोत के बारे में पूछताछ की तो दोनों कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। उन्होंने दावा किया कि यह रकम देवास के बरखेड़ा-बागली की जमीन से संबंधित है और इसे बिचौली निवासी सुरेश पटेल से लेकर आ रहे थे। हालांकि, पूछताछ में दोनों के बयान बार-बार बदलने से पुलिस को संदेह हुआ।

कनाड़िया थाना पुलिस ने 80 लाख रुपये की पूरी नकदी जब्त कर ली है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी जा रही है। रकम के स्रोत और लेन-देन की वास्तविकता की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…