Live VNS

कटनीः जिला जेल के मुख्य द्वार पर पुलिस को चकमा देकर भागे तीन आरोपी

कटनीः जिला जेल के मुख्य द्वार पर पुलिस को चकमा देकर भागे तीन आरोपी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कटनी, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में शुक्रवार देर शाम एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां बहोरीबंद पुलिस की अभिरक्षा में जिला जेल कटनी लाए गए तीन आरोपी जेल के मुख्य द्वार के सामने से ही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस ने एक आरोपी को दोबारा पकड़ लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बहोरीबंद थाना पुलिस शुक्रवार देर शाम प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत धारा 151 में गिरफ्तार राकेश, रंजीत और अभिषेक को जिला जेल कटनी में दाखिल कराने पहुंची थी। पुलिस टीम तीनों आरोपियों को जेल में दाखिल कराने की प्रक्रिया पूरी करती, इससे पहले ही आरोपियों ने मौका पाकर पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया और जेल के मुख्य द्वार के सामने से फरार हो गए। एक ही स्थान पर तीन आरोपियों का पुलिस को चकमा देकर भाग निकलना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

घटना के बाद बहोरीबंद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान एक आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली, लेकिन दो आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश चतुर्वेदी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…