Live VNS

उज्जैन में राजसी ठाट-बाट के साथ निकली बाबा महाकाल की कार्तिक मास की दूसरी सवारी

उज्जैन में राजसी ठाट-बाट के साथ निकली बाबा महाकाल की कार्तिक मास की दूसरी सवारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

उज्जैन, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोमवार को विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर की कार्तिक मास की दूसरी सवारी धूमधाम से निकाली गई। शाम चार बजे महाकालेश्वर मंदिर से चांदी की पालकी में सवार होकर अवंतिकानाथ राजसी ठाट-बाट के साथ नगर भ्रमण पर निकले और अपनी प्रजा का हाल जाना।

सवारी निकलने से पूर्व शाम चार बजे महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में पुजारी आशीष शर्मा ने भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात जैसे ही भगवान रजत पालकी में विराजित होकर मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंचे, सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने राजाधिराज को गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) देकर नगर भ्रमण के लिए विदा किया। इसके बाद सवारी पूरे शाही वैभव और उल्लास के साथ नगर भ्रमण पर निकली।

कड़ाबीन की गूंज और भजनों की स्वरलहरियों से गूंजा शहर

सवारी के सबसे आगे मंदिर का प्रचार वाहन और तोपची कड़ाबीन की गूंज के साथ महाकाल के आगमन की उद्घोषणा करते चल रहे थे। उनके पीछे घुड़सवार दल, पुलिस बैंड, महाकालेश्वर मंदिर बैंड की मधुर धुनों और भजन मंडलियों के जयकारों ने पूरे माहौल को शिवमय बना दिया। मार्ग के दोनों ओर खड़े हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर अपने आराध्य के दर्शन किए।

महाकाल मंदिर से शुरू होकर सवारी गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए पावन क्षिप्रा तट (रामघाट) पहुंची। यहां मां क्षिप्रा के जल से भगवान का विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद सवारी गणगौर दरवाजा, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड और छत्री चौक होते हुए गोपाल मंदिर पहुंची, जहाँ परंपरागत पूजन हुआ। अंत में पटनी बाजार और गुदरी चौराहा होते हुए सवारी पुनः महाकालेश्वर मंदिर लौट आई।

इस भव्य आयोजन के दौरान मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक तथा पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पुजारी-पुरोहित गण सवारी में शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…