Live VNS

मॉक ड्रिलः अवंतिका गैस परिसर में जोरदार धमाके के बाद चंद मिनटों में सक्रिय हुआ आपदा प्रबंधन तंत्र

मॉक ड्रिलः अवंतिका गैस परिसर में जोरदार धमाके के बाद चंद मिनटों में सक्रिय हुआ आपदा प्रबंधन तंत्र

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध बम किया निष्क्रिय, एंबुलेंस से घायलों को पहुंचाया अस्पताल

ग्वालियर, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित अवंतिका गैस परिसर पर अचानक एयर स्ट्राइक, जोरदार बंव धमाका, सीएनजी गैस से भरे एक बडे़ वाहन में आग, घायल कर्मचारी, ब्लैक आउट और गूंजता डिजास्टर सायरन... चंद मिनटों में बम निरोधक दस्ता, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और अग्निशमन दल मोर्चे पर पहुंच जाते हैं। संदिग्ध बम की तलाश से लेकर उसे निष्क्रिय करने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और आग बुझाने तक राहत एवं बचाव की पूरी कवायद एक साथ चलती है।

यह किसी वास्तविक हमले का दृश्य नहीं, बुधवार शाम को हजीरा थाना क्षेत्र में ट्रिपल आईटीएम के सामने स्थित अवंतिका गैस परिसर में जिला प्रशासन द्वारा पुलिस, नगर निगम, राज्य आपदा प्रबंधन दल एवं गैस एजेंसी के सहयोग से आयोजित मॉक ड्रिल का हिस्सा था।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के महानिदेशालय अग्निशमन सेवा एवं नागरिक सुरक्षा तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में विभिन्न बचाव एजेंसियों की तत्परता, कार्यक्षमता और आपसी समन्वय को परखना था। मॉक ड्रिल के दौरान अवंतिक गैस परिसर में सबसे पहले बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली।

इस दौरान एक संदिग्ध बम बरामद हुआ, जिसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया। इसके बाद राज्य आपदा प्रबंधन दल के सहयोग से जिला प्रशासन की मेडिकल टीम ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। वहीं नगर निगम के अग्निशमन दस्ते और राज्य आपदा प्रबंधन दल ने संयुक्त रूप से आग बुझाने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल के तहत शर्मा फॉर्म क्षेत्र की बस्तियों में प्रतीकात्मक ब्लैक आउट भी कराया गया। इसके माध्यम से आपात स्थिति में चेतावनी तंत्र सक्रिय करने, राहत एवं बचाव दलों की त्वरित तैनाती तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी तालमेल की प्रक्रिया को परखा गया।

इस अभ्यास ने आपदा के समय त्वरित निर्णय, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और समन्वित कार्रवाई के महत्व को रेखांकित किया। मॉक ड्रिल के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी सी.बी. प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधिक्षक डॉ शिवेष सिंह बघेल, एसडीएम प्रदीप कुमार शर्मा सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार व विजय भदौरिया, कमांडेन्ट एसडीआरएफ आर डी सिंह, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दीपाली माथुर, गैस कम्पनी के अधिकारी सी वी झा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण उपाध्याय व अवंतिका गैस एजेंसी के अधिकारी अंकेश गर्ग सहित जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन एवं गेल कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…