मप्रः आधुनिक कृषि यंत्रीकरण एवं कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा, भोपाल में सीईएफएमआई केंद्र का लोकार्पण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- कृषि मंत्री कंसाना ने किया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फार्म मैकेनाइजेशन स्किल्स इन इंडिया का शुभारंभ
भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में कृषि को आधुनिक तकनीक एवं उन्नत कृषि यंत्रीकरण से जोड़ने तथा किसानों की कार्यक्षमता और आय में वृद्धि के उद्देश्य से कृषक कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत बुधवार को भोपाल में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फार्म मैकेनाइजेशन स्किल्स इन इंडिया (सीईएफएमआई) केंद्र का लोकार्पण किया गया।
प्रदेश के किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने कृषि अभियांत्रिकी संभाग, भोपाल परिसर में आयोजित समारोह में केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री कंसाना ने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रीकरण भारतीय कृषि के भविष्य की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। सीईएफएमआई केंद्र किसानों, युवाओं एवं कृषि उद्यमियों को आधुनिक कृषि यंत्रों के संचालन और उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे कृषि कार्यों में समय एवं लागत की बचत होगी तथा उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र आधुनिक तकनीक और किसानों के बीच सेतु के रूप में कार्य करते हुए आत्मनिर्भर एवं समृद्ध मध्यप्रदेश के लक्ष्य को साकार करने में सहायक होगा।
किसानों और युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण
सीईएफएमआई केंद्र के माध्यम से किसानों, ग्रामीण युवाओं एवं कृषि उद्यमियों को ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, ड्रोन, सीडर तथा प्रिसिजन फार्मिंग से संबंधित आधुनिक उपकरणों के संचालन, रखरखाव एवं उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही भारतीय कृषि परिस्थितियों, मिट्टी एवं फसल पद्धतियों के अनुरूप किफायती और जलवायु अनुकूल कृषि यंत्रीकरण समाधानों को बढ़ावा देने के लिए अनुसंधान एवं नवाचार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
केंद्र के माध्यम से कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि यंत्रों पर उपलब्ध अनुदान एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए आधुनिक कृषि उपकरणों की उपलब्धता और उपयोग आसान हो सकेगा।
ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर
केंद्र कृषि यंत्रों के संचालन, मरम्मत एवं रखरखाव के क्षेत्र में युवाओं का कौशल विकसित करने के साथ कृषि आधारित उद्यमिता और एग्री-स्टार्टअप को भी प्रोत्साहित करेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होने तथा कृषि क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उप सचिव, मंत्रालय एवं एमडी बीज निगम दिलीप कापसे (आईएएस), केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान, भोपाल के निदेशक डॉ. सी.आर. मेहता, संचालक कृषि अभियांत्रिकी पवन सिंह श्याम, एग्रीकल्चर स्किल काउंसिल ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सतेंद्र सिंह आर्या तथा संभागीय कृषि यंत्री प्रताप सिंह शाक्य सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, प्रगतिशील किसान एवं कृषि उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सीईएफएमआई केंद्र की स्थापना मध्यप्रदेश में आधुनिक कृषि यंत्रीकरण, कौशल विकास और तकनीकी नवाचार को नई दिशा प्रदान करेगी। इसके माध्यम से खेती की लागत कम करने, कृषि कार्यों की दक्षता बढ़ाने, फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने तथा किसानों की आय में वृद्धि के प्रयासों को गति मिलेगी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं आधुनिक कृषि यंत्रों के सजीव प्रदर्शन के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर