Live VNS

नागपुर में लूटे गए 3.74 करोड़ रुपये मप्र के बालाघाट से बरामद, खेत में भूसे में छिपाकर रखी थीं तीन बोरियां

नागपुर में लूटे गए 3.74 करोड़ रुपये मप्र के बालाघाट से बरामद, खेत में भूसे में छिपाकर रखी थीं तीन बोरियां

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बालाघाट, 24 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के नागपुर में व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से लूटे गए 3.74 करोड़ रुपये मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के डोरली गांव से बरामद कर लिए गए हैं। मंगलवार को नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम एक आरोपी शुभम को लेकर गांव पहुंची और उसकी निशानदेही पर खेत में भूसे के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गईं तीन बोरियां बरामद की।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने करीब चार दिन पहले नकदी तीन बोरियों में भरकर अपने जीजा अरविंद डहरवाल के खेत में छिपाई थी। बताया जा रहा है कि खेत में रकम छिपाने के लिए अरविंद ने जगह उपलब्ध कराई थी। नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची और उसकी निशानदेही पर बोरियां बरामद कीं। खेत से करोड़ों रुपए मिलने की खबर फैलते ही डोरली और आसपास के इलाकों में लोगों की भीड़ जमा हो गई। बरामद नकदी को ग्राम पंचायत में रखकर क्राइम ब्रांच की टीम गिनती कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती आकलन में रकम नागपुर में लूटी गई 3.74 करोड़ रुपए से अधिक होने की बात सामने आई है। इससे जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकते हैं।

18 नवंबर को हथियारबंद बदमाशों ने की थी लूट

पुलिस के अनुसार, नागपुर के तुलसी नगर में 18 नवंबर की रात हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से नकदी से भरी कार लूट ली थी। कार में 3.74 करोड़ रुपये रखे हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कार को कामठी रोड के खैरी इलाके में छोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद से नागपुर पुलिस लुटेरों और रकम की तलाश में जुटी थी।

मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को लेकर डोरली पहुंची और नकदी बरामद की। मामले में आरोपी शुभम के जीजा अरविंद डहरवाल की गिरफ्तारी की भी चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस के मुताबिक, लूट के मामले में नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है। डोरली पहुंची नागपुर पुलिस की टीम ने भी फिलहाल बरामदगी और आरोपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नोटों की पूरी गिनती होने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…