Live VNS

राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की तकनीकी समिति में मप्र के दो अधिकारियों को मिली जगह

राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की तकनीकी समिति में मप्र के दो अधिकारियों को मिली जगह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- डॉ. समीता राजौरा और डॉ. एच.एस. नेगी बने राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की तकनीकी समिति में सदस्य

भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की तकनीकी समिति का पुनर्गठन किया गया है। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी आदेश के अनुसार मध्य प्रदेश के पूर्व अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) डॉ. एच.एस. नेगी और प्रदेश की मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक डॉ. समीता राजौरा को समिति में सदस्य नामित किया गया है।

जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने बताया कि पुनर्गठित समिति के अध्यक्ष राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के सदस्य सचिव होंगे। समिति में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के निदेशक (आएफडी), भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के निदेशक, उत्तरप्रदेश के पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख पवन कुमार शर्मा, आंध्रप्रदेश के मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक, वन महानिरीक्षक (एनटीसीए) तथा उप महानिरीक्षक/सहायक महानिरीक्षक (एनटीसीए) को भी शामिल किया गया है। उप महानिरीक्षक/सहायक महानिरीक्षक (एनटीसीए) समिति के संयोजक होंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार समिति को विभिन्न बाघ अभयारण्यों और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण को वित्तीय सहायता जारी करने संबंधी प्रस्तावों को स्वीकृति देने का दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही एनटीसीए के अनुसंधान, प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और बैठकों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी देना तथा निगरानी समितियों के गठन और निगरानी के मानक निर्धारित करने संबंधी प्रस्तावों को स्वीकृति देना भी समिति के कार्यक्षेत्र में शामिल है।

उन्होंने बताया कि समिति अखिल भारतीय बाघ आकलन के साथ सह-परभक्षियों और शिकार प्रजातियों के आकलन की समीक्षा, निगरानी और क्रियान्वयन भी करेगी। इसके अतिरिक्त वन्यजीवों के आवास की स्थिति की निगरानी तथा एनटीसीए द्वारा सौंपे जाने वाले अन्य कार्य भी समिति के दायित्वों में शामिल रहेंगे। पुनर्गठित तकनीकी समिति का कार्यकाल एनटीसीए की अधिसूचना की तिथि से तीन वर्ष का होगा। समिति के गैर-सरकारी सदस्यों को नियमानुसार इकोनॉमी श्रेणी का हवाई किराया और दैनिक भत्ता देय होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…