Live VNS

मप्रः इंदौर-अहमदाबाद रोड पर यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, डायल-112 ने 08 घायलों को पहुंचाया अस्पताल

मप्रः इंदौर-अहमदाबाद रोड पर यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, डायल-112 ने 08 घायलों को पहुंचाया अस्पताल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- धार में बस पलटने की सूचना पर तत्काल पहुंची डायल-112, त्वरित रेस्क्यू कर घायलों को दिलाया उपचार

भोपाल, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता पहुंचाकर घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में मगलवार को इंदौर-अहमदाबाद रोड पर यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त होने पर डायल-112 ने 08 घायलों को अस्पताल पहुंचाकर त्वरित उपचार दिलाया।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि मंगलवार प्रातः करीब 05 बजे धार जिले के थाना अमझेरा क्षेत्र में इंदौर-अहमदाबाद रोड स्थित भेरू चौकी के पास उज्जैन से मोरबी जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें से 08 यात्री घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना डायल-112 पर प्राप्त होते ही थाना अमझेरा की दो एफआरवी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। डायल-112 जवानों ने तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य करते हुए सभी 08 घायलों को एफआरवी वाहनों की सहायता से उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सरदारपुर पहुंचाया। घायलों के परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई। सभी घायलों की स्थिति सुरक्षित है तथा उनका उपचार जारी है।

इस कार्रवाई में एफआरवी की टीम के आरक्षक रामनरेश यादव पायलट नरेंद्र सिंह पटेल तथा दूसरी एफआरवी की टीम ने त्वरित रिस्पॉन्स देते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मध्य प्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर जीवन रक्षा के प्रयासों में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…