Live VNS

(अपडेट) शिवराज सिंह की मां के त्रयोदशी कार्यक्रम में राजनाथ-ओम बिरला समेत जुटे देशभर के दिग्गज

(अपडेट) शिवराज सिंह की मां के त्रयोदशी कार्यक्रम में राजनाथ-ओम बिरला समेत जुटे देशभर के दिग्गज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- योगी आदित्यनाथ ने पोती इला को दुलारा, बहू अमानत ने पैर छूकर लिया आशीर्वाद

भोपाल, 12 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई के निधन के बाद गुरुवार को भोपाल में आयोजित त्रयोदशी और शांति भोज कार्यक्रम में देशभर से राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां पहुंचीं। नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और तीन राज्यों के मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचकर काशीबाई को श्रद्धांजलि दी और चौहान परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल हुए। योगी आदित्यनाथ ने काशीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने शिवराज सिंह चौहान की पोती इला को दुलार किया। इस दौरान शिवराज की बहू अमानत ने योगी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। परिवार के बीच आत्मीयता के इस दृश्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मूलधन से ब्याज ज्यादा प्यारा होता है।

राजनाथ सिंह और ओम बिरला ने भी दी श्रद्धांजलि

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी भोपाल पहुंचे। दोनों ने वृंदावन गार्डन में काशीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव तथा मंत्री रामविचार नेताम भी कार्यक्रम में पहुंचे। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने भी काशीबाई को पुष्पांजलि अर्पित की।

इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, मंत्री तुलसी सिलावट और राव उदय प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री जयंत मलैया और अनूप मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि दी। सांसद भारती पारदी, विधायक प्रभुराम चौधरी, गोपाल सिंह इंजीनियर और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक राजकुमार मटाले, भाजपा संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी, तमिलनाडु भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्रन, कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा और करुणाधाम के पीठाधीश्वर सुदेश शांडिल्य ने भी काशीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित की।

साध्वी हर्षानंद (हर्षा रिछारिया), ईसाई धर्मगुरुओं, सामाजिक और कारोबारी जगत से जुड़ी हस्तियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा ने शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से नेताओं और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…