Live VNS

शहपुरा में जाम की समस्या से मिलेगी बड़ी राहत, नहर किनारे बनेगा 9 किमी लंबा वैकल्पिक मार्ग: मंत्री राकेश सिंह

शहपुरा में जाम की समस्या से मिलेगी बड़ी राहत, नहर किनारे बनेगा 9 किमी लंबा वैकल्पिक मार्ग: मंत्री राकेश सिंह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- लोक निर्माण मंत्री ने शहपुरा, पाटन एवं सहजपुर मार्ग का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जबलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में जबलपुर से भोपाल को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर शहपुरा में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से आम नागरिकों, वाहन चालकों और क्षेत्रीय किसानों को शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद है। शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में हो रही देरी और इसके कारण प्रतिदिन उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी परेशानियों को देखते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शहपुरा आरओबी के समीप नहर के किनारे से लगभग नौ किलोमीटर लंबे वैकल्पिक सड़क मार्ग के निर्माण की योजना तैयार कराई है। इस मार्ग के निर्माण को आगामी 40 से 50 दिनों में पूरा करना प्रस्तावित किया गया है।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इसी प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग की स्थिति, निर्माण की संभावनाओं और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सोमवार देर शाम शहपुरा, पाटन रोड एवं सहजपुर मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर मार्ग की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध भूमि, नहर के किनारे सड़क निर्माण की संभावनाओं तथा यातायात के वैकल्पिक संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता को जाम की समस्या से जल्द से जल्द राहत दिलाना प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर वैकल्पिक मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया को गति प्रदान करें।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण मंत्री सिंह ने बताया कि शहपुरा में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चलने और उसके चलते यातायात प्रभावित होने से जबलपुर-भोपाल मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। विशेष रूप से व्यस्त समय और मटर के सीजन में यहां जाम की स्थिति निर्मित होती है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों, किसानों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

नहर के किनारे बनेगा 9 किमी लम्बा वैकल्पिक मार्ग

मंत्री राकेश सिंह ने बताया इस समस्या का व्यावहारिक समाधान निकालने के उद्देश्य से रिंग रोड के समीप एनएच -45 पर ग्राम खैरी के पास एनएचएआई द्वारा निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज से नहर के किनारे होते हुए जबलपुर-पाटन रोड के घुंसौर तक लगभग 9 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग तैयार करने की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित मार्ग की चौड़ाई करीब 7.5 मीटर रखी जाएगी, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके।

उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य नागरिकों के जीवन को सुगम बनाना और उनकी रोजमर्रा की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। शहपुरा में जाम की समस्या लंबे समय से क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ऐसे में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने तक यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार करना आवश्यक है। यह मार्ग न केवल तत्कालीन यातायात समस्या का समाधान बनेगा, बल्कि भविष्य में भी क्षेत्रीय आवागमन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मटर उत्पादक किसानों को मिलेगी विशेष राहत, उपज मंडियों तक पहुंचाना होगा आसान

मंत्री सिंह ने बताया कि शहपुरा और पाटन क्षेत्र कृषि क्षेत्र हैं तथा यहां बड़ी संख्या में किसान मटर सहित विभिन्न फसलों का उत्पादन करते हैं। मटर के सीजन में किसानों को अपनी उपज मंडियों और व्यापारिक केंद्रों तक पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में वाहनों का उपयोग करना पड़ता है। ऐसे समय में शहपुरा में लगने वाला जाम किसानों के लिए अतिरिक्त परेशानी और समय की बर्बादी का कारण बनता है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग बनने से किसानों को अपनी कृषि उपज लेकर मंडियों तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी। उन्हें जाम में लंबे समय तक फंसे रहने की समस्या से राहत मिलेगी और कृषि उपज के परिवहन में लगने वाला समय भी कम होगा। इसका सीधा लाभ किसानों के साथ-साथ कृषि व्यापार से जुड़े लोगों को भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जबलपुर से भोपाल की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भी इस वैकल्पिक मार्ग से आवागमन का विकल्प उपलब्ध होगा। इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात का बेहतर तरीके से संचालन किया जा सकेगा। स्थानीय नागरिकों, दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों, मालवाहक वाहनों और क्षेत्र से गुजरने वाले अन्य यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

आरओबी निर्माण में देरी के बीच वैकल्पिक व्यवस्था पर विशेष जोर

शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के माध्यम से कराया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण में निविदा प्रक्रिया से जुड़ी परिस्थितियों के कारण विलंब की स्थिति उत्पन्न हुई है। हाल ही में संपन्न हुई निविदा प्रक्रिया में सबसे कम बोली लगाने वाले निविदाकार के साथ आगे की कार्यवाही नहीं बढ़ पाने के कारण अब नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू किए जाने की स्थिति बन रही है।

लोक निर्माण मंत्री सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नई निविदा प्रक्रिया और निर्माण एजेंसी का निर्धारण होने के बाद ही रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की निश्चित समयसीमा स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि आरओबी का निर्माण एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है और इसके शीघ्र निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। लेकिन जब तक ओवरब्रिज का निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक आम नागरिकों को यातायात की समस्या से परेशान नहीं होना पड़े, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

40 से 50 दिनों में मार्ग तैयार करने का लक्ष्य, अधिकारियों को दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों से प्रस्तावित सड़क मार्ग के निर्माण में आने वाली तकनीकी, प्रशासनिक और अन्य आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मार्ग निर्माण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि, तकनीकी स्वीकृति, निर्माण संबंधी आवश्यकताओं और अन्य बाधाओं का शीघ्र निराकरण करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित 9 किलोमीटर लंबे वैकल्पिक मार्ग को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 40 से 50 दिनों में तैयार करने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाए। निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता किए बिना समयबद्ध तरीके से इसे पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान विधायक नीरज सिंह, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, एमपीआरडीसी के जीएम विक्रम सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…