Live VNS

स्वच्छता अभियान में रीवा को देश में प्रथम स्थान मिलना बड़ी उपलब्धिः उप मुख्यमंत्री शुक्ल

स्वच्छता अभियान में रीवा को देश में प्रथम स्थान मिलना बड़ी उपलब्धिः उप मुख्यमंत्री शुक्ल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने जन विश्वास शिविर में किया सफाई कर्मियों का सम्मान

रीवा, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को रीवा में नगर निगम टाउन हाल में आयोजित जन विश्वास शिविर में स्वच्छता अभियान में रिवर फ्रंट शहर श्रेणी में रीवा को देश में प्रथम स्थान दिलाने वाले सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समग्र स्वच्छता अभियान में रिवर फ्रंट सिटी श्रेणी में रीवा को देश में प्रथम स्थान मिलना बड़ी उपलब्धि है।

समारोह में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सफाई से जुड़े अमले एवं सामाजिक संगठनों को भी सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कार्यक्रम में सभी को सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रीवा शहर में 2003 से विकास का जो सफर शुरू हुआ आज उसके परिणाम दिखाई दे रहे हैं। शहर में मॉडल रोड, मोहल्लों में सीसी रोड, सीवर लाइन तथा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण, पेयजल व्यवस्था, फ्लाईओवर तथा बाईपास जैसे अधोसंरचना विकास के कार्यों से शहर का विकास हुआ है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में देश में समग्र स्वच्छता का अभियान शुरू किया। रीवा को साफ-सुथरा बनाने के लिए घर-घर कचरा संग्रहण शुरू हुआ। शहर को साफ-सुथरा रखने में सफाई कर्मियों का सर्वाधिक योगदान है। इसकी निगरानी में लगे नगर निगम के अमले ने भी अच्छी मेहनत की। आमजनता भी स्वच्छता के लिए जागरूक होकर इस अभियान में सहयोग कर रही है। रीवा नगर निगम को रिवर फ्रंट के लिए प्रथम पुरस्कार मिला है। हम सब मिलकर अब रीवा नगर को समग्र स्वच्छता में देश में नम्बर-1 बनाने का प्रयास करें। बीहर रिवर फ्रंट के बाएं तट के निर्माण का भी प्रस्ताव मंजूर हो गया है। शीघ्र ही इसका भी निर्माण शुरू होगा। उप मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों तथा नगर निगम को देश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए बधाई दी।

समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि आज रीवा को देश में स्वच्छता में प्रथम स्थान दिलाने वाले सफाई कर्मियों का सम्मान करके सराहनीय पहल की गई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान पर 2014 से स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। सफाईकर्मियों, नगर निगम अमले तथा आमजनता के 12 वर्षों तक लगातार प्रयास के बाद हमें सफलता मिली है। रीवा नगर निगम के पास कचरे के निपटान के लिए पहड़िया में प्लांट है जिसमें कचरे से बिजली और खाद बनाई जा रही है। आमजनता भी सार्वजनिक स्थलों में डस्टबिन में ही कचरा फेकती है।

समारोह में आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर श्रेणी में रीवा को देश में प्रथम स्थान मिला है। घर-घर कचरा संग्रहण, नालों के पानी का सीवेज प्लांट से ट्रीटमेंट तथा लगातार साफ-सफाई से यह उपलब्धि मिली है। इसके लिए सभी ने सामूहिक प्रयास किया। रिवर फ्रंट को हम और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे। शहर की मेनरोड की सफाई के लिए दो रोड स्वीपिंग मशीनें मंगाई जा रही हैं। जनवरी से इनके द्वारा सड़कों की सफाई शुरू हो जाएगी। समारोह में रिएक्ट संस्था के डॉ. मुकेश येंगल तथा स्वसहायता समूह की प्रतिनिधि नम्रता वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीनानाथ वर्मा, पार्षदगण, सफाईकर्मी, नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…